ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र में लॉकडाउन के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, निरुपम ने कहा- नाईट कर्फ्यू से चौपट हो रहा धंधा…

मुंबई: राज्य में लॉकडाउन की आशंका के बीच सत्ताधारी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम के नेतृत्व में ओशिवरा पुलिस स्टेशन के पास प्रदर्शन किया। इस मौके पर निरुपम ने कहा कि हमें कोरोना से लड़ना है, पर लड़ने के लिए जीना जरूरी है। जिस तरह कोरोना के नाम पर तरह-तरह के प्रतिबंध लगाकर धंधे बंद किए जा रहे हैं, उससे बेरोजगारी बढ़ेगी। धंधा चौपट हो जाएगा और अर्थव्यवस्था तबाह हो जाएगी। इससे लोगों के सामने भूखमरी की नौबत आ जाएगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले लॉकडाउन से लोग इतने तबाह हुए कि वे अभी तक उबरे नहीं हैं। अब कोरोना की दूसरी लहर के नाम पर जो तमाशा हो रहा है, वह बंद होना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि लॉकडाउन की जरूरत नहीं है। होटल वाले, व्यापारी और आम लोग सावधानी रखने के लिए तैयार हैं। निरुपम ने कहा कि पिछली बार जब लॉकडाउन लगा था, तब बड़े पैमाने पर प्रवासी मजदूर यहां से भागे थे। यदि दोबारा ऐसी स्थिति पैदा हुई तो उन्हें वापस घर जाना पड़ेगा, यह मुंबई के लिए अच्छा नहीं होगा। पूर्व सांसद ने कहा कि रात में धारा 144 लगाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोरोना वायरस रात में तेजी से भागता है या दिन में, मुझे मालूम नहीं? बीयर बार, पब बंद कीजिए, लेकिन रात 8 से 11 बजे तक होटल, रेस्टारेंट का धंधा बंद करना सरासर अन्याय है, क्योंकि यही उनके धंधे का समय होता है।