ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में लोग नहीं कर रहे हैं सही तरीके से लॉकडाउन का पालन, 1 लाख से ज्यादा मामले दर्ज!

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस लॉकडाउन के उल्लंघन को लेकर एक लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और 19,297 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भादंसं की धारा 188 (जनसेवक द्वारा जारी आदेश का उल्लंघन करने) को लेकर कम से कम एक लाख दो हजार मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 81 अधिकारियों समेत महाराष्ट्र पुलिस के 714 पुलिसकर्मी कोविड-19 से संक्रमित पाये गये और उनमें से 61 स्वस्थ हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग से कोरोना वायरस के सर्वाधिक मामले मुंबई से सामने आए। अधिकारी ने बताया कि राज्य के विभिन्न पुलिसकर्मियों पर हमले के कम से कम 194 मामले सामने आये जबकि इन मामलों में 680 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन हमलों में 73 पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड घायल हो गए।

स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले के मामले भी दर्ज
अधिकारी ने बताया कि शनिवार तक स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले के करीब 32 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि अवैध आवागमन को लेकर कम से कम 1289 मामले दर्ज किए गए तथा लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 54,611 वाहन जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस अवधि में विभिन्न अपराधों को लेकर 3।76 करोड़ रूपये भी जुर्माने के रूप में वसूले।

चेन तोड़ने में फिलहाल कामयाब नहीं हुए: CM
कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच प्रदेश मुख्यमंत्री व शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने स्वीकारा है कि कोरोना की ‘श्रृंखला’ तोड़ने में वह अभी तक कामयाब नहीं हुए है। उन्होंने कहा, दो तीन दिन से अफवाह गर्म है कि मुंबई में सेना की तैनाती की जाएगी। पर फिलहाल यहां सैन्य बल की जरूरत नहीं है। आज तक मैंने जो कुछ भी किया वह लोगों को सूचित कर के किया है। पर आप लोगों को अनुशासन में रहना होगा और यही काफी है।