ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र में हटाए गए सभी कोरोना प्रतिबंध, अब मास्क पहनना भी स्वैच्छिक होगा

मुंबई: देश में लगातार कोरोना के मामलों में हो रही गिरावट को देखते हुए महाराष्ट्र की उद्धव सरकार ने राज्य में लागू सभी कोरोना प्रतिबंधों को हटाने का फैसला किया है। गुरुवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस पर मुहर लगाई गई। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 2 अप्रैल से राज्य में फेस मास्क पहनना स्वैच्छिक होगा। यानी अब ये जनता पर निर्भर होगा कि वे मास्क पहने या ना पहने।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया। टोपे ने कहा कि मराठी नववर्ष गुड़ी पड़वा से महामारी रोग अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सभी COVID-19 संबंधित प्रतिबंध वापस ले लिए जाएंगे।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 2 साल से अधिक समय के बाद अनिवार्य रूप से मास्क पहनने सहित महामारी संबंधी सभी प्रतिबंध लागू हैं। त्योहारों से पहले राज्य सरकार की ओर से दी गई राहत से लोगों के बीच खुशी का माहौल है। गुड़ी पड़वा इस बार 2 अप्रैल को पड़ रहा है और इसी दिन से पाबंदियों में राहत भी दी जाने लगेगी। इस दौरान उन्होंने मास्क पहनने को लेकर भी घोषणा की गई है। इस तरह मास्क की अनिवार्यता को खत्म करने वाला पहला राज्य महाराष्ट्र बन गया है।
बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपनी रीढ़ की सर्जरी के बाद पहली बार व्यक्तिगत रूप से राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लिया। उन्होंने नवंबर 2021 में अपनी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी कराई थी।
महाराष्ट्र के मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने भी इसको लेकर ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि राज्य मंत्रिमंडल ने राज्य में सभी मौजूदा कोविड-19 प्रतिबंधों को हटाने का फैसला किया है। अब राज्य में सभी त्योहार धूमधाम से मनाए जा सकते हैं, मास्क पहनना अनिवार्य नहीं होगा, ये फैसला 2 अप्रैल से लागू हो जाएगा।