ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

महाराष्ट्र: रमेश बैस ने संभाला राज्यपाल का पदभार

मुंबई: शनिवार को रमेश बैस ने भगत सिंह कोश्यारी की जगह महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल के रूप में शपथ ले ली। बैस को यहां राजभवन में बॉम्बे हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस वी गंगापुरवाला ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
यहां रमेश बैस ने मराठी में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद थे। शपथ ग्रहण करने के बाद बैस ने अपना पदभार संभाल लिया।
बता दें कि भगत सिंह कोश्यारी ने सितंबर 2019 से महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्य किया, कोश्यारी ने विवादास्पद कार्यकाल के बाद पिछले सप्ताह इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले शुक्रवार को भगत सिंह कोश्यारी को मुंबई राजभवन से विदाई दी गई।
इस मौके पर राजभवन के स्टाफ और उनके परिजनों की पलकें भीगी हुई थीं। राजभवन के स्टाफ की ओर से गुरुवार को उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शुक्रवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राजभवन जाकर उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद नौसेना ने गार्ड ऑफ आनर दिया।
गौरतलब है कि 12 फरवरी को कोश्यारी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद से इस्तीफा दिया था। उसी दिन कई राज्यों के राज्यपालों को बदला गया, जबकि कई के क्षेत्र में फेरबदल कर दिया गया। लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में राधा कृष्णन माथुर का इस्तीफा भी उसी दिन स्वीकार किया गया, जिसके बाद अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल डा. बी.डी. मिश्रा को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया।