महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: राज्यपाल कोश्यारी को सरकारी विमान के इस्तेमाल की नहीं मिली अनुमति!

मुंबई: महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बीच के मनमुटाव का एक ताजा मामला सामने आया है।
दरअसल, राज्यपाल कोश्यारी उत्तराखंड जाना चाहते थे और इसके लिए वह सरकारी विमान का इस्तेमाल करने वाले थे लेकिन महाराष्ट्र सरकार के अंतर्गत आने वाले सामान्य प्रशासन विभाग ने विमान के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी।
राज्यपाल उत्तराखंड में कुदरती आपदा का जायजा लेने के लिए जाना चाहते थे। लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें हवाई सेवा मुहैया नहीं करवाई। मजबूरन उन्हें निजी विमान सेवा बुक करनी पड़ी।

क्या है मामला?
खबर यह भी है कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को शुक्रवार यानी 12 फरवरी के दिन मसूरी में होनेवाले लाल बहादुर शास्त्री एकेडमी के वार्षिक समारोह में शामिल होने के लिए सरकारी चार्टेड प्लेन से रवाना होना था। जब कोश्यारी मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे तो वो 15 से 20 मिनट तक अपने चार्टर्ड प्लेन में बैठे रहे। उन्होंने पायलट से उड़ान नहीं भरने का कारण पूछा, तो पायलट ने ये बताया कि राज्य सरकार से उन्हें अभी तक उड़ान भरने की परमिशन नहीं मिली है।
इसके बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी चार्टेड प्लेन से उतर गए। इस यात्रा को लेकर राजभवन से एक सफ्ताह पहले ही राज्य सरकार को पूरी जानकारी ईमेल के जरिये सूचित की गई थी। उसके बावजूद भी सरकार की तरफ से कोई भी जवाब नहीं आया।