चुनावी हलचलमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: अबकी बार 220 के पार: चंद्रकांत पाटिल

मुंबई, राज्य के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा-शिवसेना की महायुति तैयार है। चुनाव में महायुति 220 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य में दोबारा सरकार बनाएगी। शनिवार को चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित करने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने यह बात कही। पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में राज्य में निकली भाजपा की महाजनादेश यात्रा में जिस तरह पूरे राज्य में प्रचंड प्रतिसाद मिला है, उसे देखते हुए ऐसा लगता है कि महायुति 220 से ज्यादा सीटें जीतेगी। ऐसा विश्वास पाटिल ने व्यक्त किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ेगी और पिछले पांच वर्ष में राज्य की देवेंद्र फड़नवीस सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं उन्हें लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि राज्य में पिछले पांच साल में हुए विविध चुनावों में भाजपा को भारी जीत मिली है। महायुति सरकार ने जो काम और पिछले पांच वर्ष में किए हैं, उसे देखते हुए विधानसभा चुनाव में जरूर पार्टी को भारी जीत मिलेगी। विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना की युति पर बोलते हुए चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि युति को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच चर्चा शुरू है, जिसकी घोषणा जल्द से जल्द की जाएगी। चंद्रकांत पाटिल की पत्रकार परिषद के दौरान भाजपा प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता माधव भंडारी, सहप्रवक्ता केशव उपाध्ये के अलावा कई अन्य लोग उपस्थित थे।
बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित हो गई है, जिसे लेकर सत्ताधारी भाजपा और शिवसेना सहित विपक्षी पार्टी कांग्रेस-राकांपा चुनाव की तैयारी में जोर-शोर से जुट गई हैं। एक तरफ जहां सत्ताधारी पार्टी भाजपा और शिवसेना चुनाव जीतने को लेकर पिछले पांच वर्ष में किये गए कामों को लेकर जनता के बीच जाने की बात कर रही है, वहीं विपक्षी पार्टियां बेरोजगारी और महंगाई का मुद्दा लेकर जनता के बीच जाएंगी।