चुनावी हलचलमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: मतदाताओं को जागरूक करेंगी माधुरी दीक्षित

मुंबई, महाराष्ट्र में २१ अक्टूबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान में सहभागी बनाने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के मार्फत मतदाता जागरूकता अभियान का व्यापक कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी के तहत ‘चलो मतदान करे’ अभियान की शुरुआत जानी-मानी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने एक वीडियो के जरिए की है। इस वीडियो में माधुरी दीक्षित देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और देश के विकास में जागरूक मतदाताओं की भूमिका के महत्व को समझा रही हैं। मतदाता जागरूकता मुहिम में कला, खेल, साहित्य व सामाजिक क्षेत्र की विभिन्न हस्तियों का सद्भावना दूत के रूप में साथ मिला है। सद्भावना दूत में पद्मभूषण और महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित परमाणु वैज्ञानिक डॉ. अनिल काकोडकर, वरिष्ठ साहित्यकार मधु मंगेश कर्णिक, अभिनेता प्रशांत दामले, अभिनेत्री मृणाल कलकर्णी, डॉ. निशिगंधा वाड, राष्ट्रीय पुरस्कार से सन्मानित अभिनेत्री उषा जाधव, महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना, अर्जुन पुरस्कार सन्मानित महिला धावक ललिता बाबर, अर्जुन पुरस्कार सन्मानित तैराक वीरधवल खाडे, कॉमनवेल्थ स्वर्णपदक विजेता निशानेबाज राही सरनोबत, तृतीयपंथी कार्यकर्ता गौरी सावंत, दिव्यांग कार्यकर्ता नीलेश सिंगीत शामिल हैं। विशेष बात यह है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के वक्त उन्हीं 12 सद्भावना दूतों ने मतदाताओं से मतदान का राष्ट्रीय कर्तव्य निभाने का आग्रह किया था। सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में विज्ञापन, वीडियो के माध्यम से ये सद्भावना दूत आम लोगों से मतदाताओं से मतदान का आव्हान कर रहे हैं।