ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: वर्ली से उम्मीदवार होंगे आदित्य ठाकरे

मुंबई, महाराष्ट्र की 53 साल पुरानी पार्टी शिवसेना से पहली बार ठाकरे परिवार का कोई सदस्य विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहा है। इसके संकेत शिवसेना के वरिष्ठ नेता अनिल परब ने दिए हैं। परब ने शुक्रवार को कार्यकर्ताओं संग एक बंद कमरे में हुई बैठक के बाद बताया कि आदित्य ठाकरे वर्ली विधानसभा सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। उन्होंने इसके लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं को तैयार रहने के निर्देश भी दिए हैं।

आदित्य को CM पद का दावेदार बना सकती शिवसेना
बता दें कि शिवसेना की युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे महीने की शुरुआत में जनआशीर्वाद यात्रा पर निकले थे। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि वे विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। शिवसेना ने सरकार बनने की सूरत में बड़े पद पर अपना दावा ठोका है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आदित्य ठाकरे उनके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

भाजपा-शिवसेना में टकराव संभव: यदि आदित्य को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने का ऐलान शिवसेना की ओर से किया जाता है तो उसकी सहयोगी भाजपा के साथ टकराव तय है। भाजपा पहले ही साफ कर चुकी है कि वह मुख्यमंत्री पद अपने पास रखेगी। महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना की गठबंधन सरकार है। भाजपा और शिवसेना पिछले 30 साल के एक-दूसरे की सहयोगी हैं। हालांकि, लोकसभा चुनावों से पहले दोनों पार्टियां एक-दूसरे को कोसने का कोई भी मौका नहीं छोड़ती थीं। यहां तक कि गठबंधन टूटने की नौबत भी आ गई थी। लेकिन लोकसभा चुनावों में मिली सफलता के बाद दोनों पार्टियां फिर से एक साथ नजर आ रही हैं।