ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा को दिया ‘उद्योग रत्न अवार्ड’…कल इन हस्तियों को भी किया जायेगा सम्मानित!

मुंबई, (राजेश जायसवाल): महाराष्ट्र सरकार ने बीते 28 जुलाई को देश के दिग्गज उद्योगपति और टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा को पहला ‘उद्योग रत्न’ अवार्ड देने की घोषणा की थी।
आज यानी शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार मुंबई के कोलाबा स्थित उद्योगपति रतन टाटा के हालकाई बंगले पर पहुंचकर उन्हें ‘उद्योग रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया। इस मौके पर राज्य के शिक्षा मंत्री दीपक केसकर, उद्योग मंत्री उदय सामंत, प्रधान सचिव हर्षदीप कांबळे भी मौजूद थे।

बता दें कि रविवार 20 अगस्त को दोपहर में मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आयोजित महाराष्ट्र सरकार के पुरस्कार वितरण समारोह में पद्म विभूषण रतन टाटा अपने खराब स्वास्थ्य के कारण भाग नहीं लेंगे। इसलिए गरीबों के मसीहा कहे जाने वाले रतन टाटा को उनके आवास पर ‘उद्योग रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित करने पहुंचे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि देश के लिए रतन टाटा और टाटा समूह का बहुत बड़ा योगदान है। महाराष्ट्र सरकार की ओर से दिए गए इस पुरस्कार को स्वीकार करने के लिए मैं उन्हें (रतन टाटा) धन्यवाद देता हूं।

28 जुलाई को की गई थी रतन टाटा को ये अवार्ड देने की घोषणा
महाराष्ट्र सरकार ने बीते 28 जुलाई को दिग्गज उद्योगपति और टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन नवल टाटा को पहला ‘उद्योग रत्न’ अवार्ड देने की घोषणा की थी। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने यह जानकारी दी थी। सामंत ने गुरुवार को राज्य विधान परिषद में बताया था कि युवा उद्यमी, महिला उद्यमी और मराठी उद्यमी के लिए भी अवार्ड दिए जाएंगे। उन्होंने कहा ‘महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार’ की तरह, जो विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है, राज्य सरकार ने रतन टाटा को उद्योग रत्न पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार और उद्योग मंत्री की एक समिति ने बैठक की थी, जिसमें यह फैसला लिया गया।

रविवार को इन हस्तियों को भी किया जायेगा सम्मानित!
इसके साथ ही राज्य के विकास में योगदान देने वाले अन्य कारोबारियों को भी महाराष्ट्र उद्योग पुरस्कार से नवाज़ा जाएगा। राज्य सरकार ने यह पुरस्कार इस साल पहली बार दिया है। पुरस्कार समारोह 20 अगस्त रविवार को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा। लेकिन रतन टाटा को शनिवार को ही उनके आवास पर इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस समारोह में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अदार पूनावाला को उद्योग मित्र पुरस्कार, गौरी किर्लोस्कर को उद्योगिनी पुरस्कार और विलास शिंदे को सर्वश्रेष्ठ मराठी उद्यमी पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह 20 अगस्त को दोपहर 2 बजे जैस्मीन हॉल, जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया है।

इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, उदय सामंत प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।