चुनावी हलचलमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: BJP को तगड़ा झटका, पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े ने थामा शिवसेना का दामन!

मुंबई: महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को तगड़ा झटका देते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े शुक्रवार शाम को सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास पर बैठक के बाद इस खबर की पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि मैंने शिवसेना ज्वाइन कर लिया है। मुख्यमंत्री ने मुझसे पार्टी के प्रसार के लिए विशेषकर विलेपार्ले इलाके में और मुंबई की प्रगति के लिए मदद करने का आग्रह किया है।
बता दें कि ५४ वर्षीय हेगड़े विलेपार्ले से कांग्रेस के विधायक रहे हैं। उन्होंने पार्टी में अर्न्तकलह का हवाला देते हुए २०१७ में कांग्रेस छोड़ बीजेपी के साथ नाता जोड़ लिया। बीजेपी के साथ उनका चार साल का नाता रहा, लेकिन शुक्रवार को वह बीजेपी को अलविदा कह शिवसेना में शामिल हो गए।
पिछले महीने वह उस वक्त सुर्खियों में आए जब उन्होंने एक महिला के खिलाफ जबरन वसूली के लिए हनी ट्रैप करने की कोशिश की शिकायत दर्ज कराई थी। उस महिला ने महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, हालांकि बाद में उसने अपनी शिकायत वापस ले ली थी।
हेगड़े २००९ में विले पार्ले विधानसभा सीट से कांग्रेस की ओर से निर्वाचित हुए थे। लेकिन, २०१४ के चुनाव में उन्हें भाजपा के पराग अल्वानी के हाथों पराजय मिली।
हेगड़े ने मुंबई के आईटी इंजीनियर भवेश परमार की रिहाई में अहम भूमिका निभाई थी। २००५ में वह अमृतसर गए थे और वहां से समझौता एक्सप्रेस पकड़कर पाकिस्तान चले गए थे। बिना पासपोर्ट, वीजा अथवा किसी भी वैध दस्तावेज के बगैर पड़ोसी देश पहुंचने के कारण उन्हें पकड़ लिया गया। उन्हें सात साल तक वहां की जेल में बिताना पड़ा। इसके बाद २०१२ में उन्हें वापस भारत प्रत्यर्पित किया गया।

वहीँ २०१९ में विलेपार्ले विधानसभा से महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (MNS) के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली प्रत्याशी जुईली शेंडे ने भी शिवसेना पक्षप्रमुख, मुख्यमंत्री उद्धव बाळासाहेब ठाकरे के हाथों शिवबंधन बांध शिवसेना में प्रवेश किया है!