उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

मीडियाकर्मियों पर फूटा विकास दुबे की पत्नी ऋचा का गुस्सा, कहा- पहले मरवाते हो फिर मुंह चलाने आते हो!

कानपुर: कानपुर के विकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद पुलिस ने उसके मददगारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को चौबेपुर पुलिस ने कानपुर हत्याकांड में शामिल दो अपराधियों को शरण देने के आरोप में दो लोगों को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कानपुर की चौबेपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आपराधिक पृष्ठभूमि वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान ओमप्रकाश पांडेय और अनिल पांडेय के रूप में की गई। आरोप है कि दोनों ने विकास दुबे के मददगार और वांछित अपराधी शशिकांत पांडेय और शिवम दुबे को अपने यहां पनाह दी थी। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

चौबेपुर थाने में मामला दर्ज
दोनों के खिलाफ चौबेपुर थाने में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। उन्हें शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि 2-3 जुलाई को कानपुर के विकरू गांव में 8 पुलिसकर्मियों की बेरहमी से हत्या के मामले के मुख्य आरोपी विकास दुबे का शुक्रवार को एनकाउंटर कर दिया गया। मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तारी के बाद कानपुर ले जाने के दौरान पुलिस की गाड़ी पलट गई। इस दौरान विकास ने पुलिस की पिस्टर छीनकर भागने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे मार गिराया गया। विकास के चार साथी पहले ही एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।

एनकाउंटर पर उठ रहे तरह-तरह के सवाल?
पांच लाख के इनामी बदमाश विकास दुबे के एनकाउंटर को लेकर एसटीएफ पर सवाल भी उठ रहे हैं। विकास के एनकाउंटर से पहले मीडियाकर्मियों को रोके जाने का मामला भी एसटीएफ की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। इसके अलावा और भी कई सवालों के कारण एसटीएफ का एनकाउंटर सवालों के घेरे में है। मसलन- अगर विकास दुबे को ले जा रही गाड़ी पलटी तो सड़क पर फिसलने के निशान क्‍यों नहीं हैं? दुबे भाग रहा था तो गोली सीने पर कैसे लगी? अगर तेज स्‍पीड में गाड़ी पलटी तो इतना कम नुकसान क्यों हुआ?

विकास दुबे की पत्नी ने मीडिया को सुनाई खरी-खोटी
कानपुर के भौंती में विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद उसका भैरव घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में शामिल हुई विकास दुबे की पत्नी ने मीडिया पर राजनीति करने का आरोप लगाया। मीडिया के लोगों ने विकास की पत्नी से पूछा कि विकास ने पुलिस वालों का कत्ल नहीं किया था क्या? विकास की पत्नी ने कहा- करेगा तो, तू कौन होता है बोलने वाला? ऋचा ने ये भी कहा कि जिसने गलती करी उसे सजा मिलेगी, ये मैं कह रही हूं। जरूरत पड़ेगी तो मैं भी बंदूक उठाऊंगी!

पहले मरवाते हो फिर मुंह चलाने आते हो
कानपुर के भैरव घाट पर विकास के अंतिम संस्कार के वक्त उसकी पत्नी ऋचा दुबे ने मीडिया के लोगों को खूब खरी-खोटी सुनाई। श्मशान घाट पर परिवार से बात करने पहुंचे मीडिया के लोगों ने जिस वक्त ऋचा से सवाल किए वह पत्रकारों पर भड़क गई। इसी दौरान मीडिया ने कुछ और सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन विकास की पत्नी ने मीडिया पर भड़कते हुए कहा- ‘पहले मरवाते हो फिर मुंह चलाने आते हो’। रोते और चिल्लाते हुए ऋचा ने मीडिया के लोगों पर जमकर गुस्सा उतारा लेकिन ये भी कहा कि उसके पति ने गलती की थी और पुलिस ने जो किया वो सही किया। ऋचा ने मीडिया के लोगों से ये जरूर कहा कि वो अपने घर वापस चले जाएं।

मीडिया के लोगों ने भैरव घाट पर ऋचा से कहा कि क्या विकास दुबे ने गलती की थी? इसके जवाब में ऋचा ने चिल्लाते हुए हां में जवाब दिया। अगले ही पल मीडिया के बीच से एक और सवाल पूछा गया- उसके साथ सही हुआ? ऋचा ने कहा- हां सही हुआ।

बता दें कि ऋचा को विकास के एनकाउंटर से पहले पुलिस की हिरासत में रखकर पूछताछ भी की गई थी। विकास दुबे के एनकाउंटर के वक्त विकास की पत्नी और बेटे को पुलिस ने छोड़ दिया था। विकास दुबे की पत्नी को रिहा करते हुए पुलिस ने कहा था कि उसका विकास के अपराध में कोई हिस्सा नहीं है और परिवार के लोग निर्दोष हैं।