मुंबई शहर

मुंबई: अठावले ने 5 वर्षीय तेंदुए को गोद लिया; प्रकृति और वन्य पशु प्रेमी हैं मंत्री

मुंबई: केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने मंगलवार को संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में एक 5 वर्षीय तेंदुए को गोद लिया। मंत्री के बेटे जीत अठावले ने एसजीएनपी के वन संरक्षक और निदेशक एस. मल्लिकार्जुन को 1.20 लाख रुपए का चेक सौंपने के बाद पांचवीं बार गोद लेने का काम पूरा हुआ।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के अध्यक्ष रामदास अठावले और उनकी पत्नी सीमा को एसजीएनपी की वन्य पशु गोद लेने की योजना के तहत तेंदुए (पेंथेरा परदूस) को गोद लेने के लिए एक प्रमाण पत्र दिया गया।
उनके एक सहयोगी ने कहा कि मंत्री प्रकृति और वन्य जीवन से प्यार करते हैं। तेंदुए प्रकृति की फूड-चेन और इसके आवासों के समग्र वातावरण में संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सिम्बा नाम के इस तेंदुए का 5वां जन्मदिन था, जिसे गोद लेने के समारोह में केक भी काटा गया और बुद्ध वंदना का पाठ किया गया।
बता दें कि बोरीवली पूर्वी उपनगर में एसजीएनपी मुंबई और ठाणे जिलों में फैले लगभग 105 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और वनस्पतियों और जीवों की एक विशाल विविधता का घर है। इनमें स्तनधारी, पक्षी, तितलियां, उभयचर, सांप, कंक्रीट के जंगल से घिरे जंगल में घूमते हुए पांच दर्जन से अधिक तेंदुए, एक बाघ सफारी के अलावा प्रसिद्ध और अनुमानित 2000 साल पुरानी कान्हेरी गुफा परिसर भी शामिल है।