मुंबई: अभिनेत्री श्वेता तिवारी के पति अभिनव कोहली गिरफ्तार, पत्नी और बेटी संग मारपीट का आरोप

मुंबई, मशहूर अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने अपने पति अभिनव कोहली पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार रात कोहली को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार दोपहर उन्हें मुंबई की स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया। जहां से अदालत ने उन्हें 13 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया।
अभिनेत्री श्वेता और उनकी बेटी पलक रविवार को कांदिवली के समता नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे और अभिनव कोहली के खिलाफ शराब के नशे में उनके साथ मारपीट करने का केस दर्ज करवाया। इस दौरान श्वेता पुलिस स्टेशन में रोती हुई नजर आईं। श्वेता ने यह भी आरोप लगाया कि कोहली अक्सर शराब के नशे में हंगामा करते हैं। इसके बाद कोहली से चार घंटे तक पूछताछ हुई और फिर देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोप के मुताबिक, अभिनव ने श्वेता की बेटी पलक के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। श्वेता ने अभिनव पर बेटी पर अश्लील टिप्पणी करने और अक्टूबर 2017 में अपने मोबाइल पर मॉडल्स की अश्लील तसवीरें दिखाकर उसकी शालीनता को नष्ट करने का आरोप लगाया है। अभिनव कोहली पर धारा , 354अ, 323, 504, 506, 509, 76अ आई टी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया किया गया है। श्वेता तिवारी ने अपनी बेटी के साथ मिलकर आरोप लगाया कि अभिनव कोहली पलक के साथ बदतमीजी करते हैं।
अब पलक तिवारी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। पलक ने अपनी इंस्टाग्राम में लिखा- मैं पलक तिवारी, सबसे पहले, मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्हें हमारी चिंता हुई और अपना समर्थन दिया है। दूसरी बात मैं कुछ चीजों को क्लियर करना चाहती हूं। मीडिया बिना किसी तथ्य को जाने बिना कुछ भी न लिखे। घरेलू हिंसा का शिकार मेरी मां नहीं बल्कि मैं हुई थी। समाचार के एक पाठक के रूप में अक्सर यह भूल जाना आसान होता है कि आपको इस सच्चाई का पता नहीं है कि बंद दरवाजों के पीछे क्या होता है या मेरी मां ने अपने दोनों विवाह में कितना सहा है। आप जिसके बारे में लिख रहे हैं वो किसी की गृहस्थी है, किसी का जीवन है, जिस पर आप चर्चा कर रहे हैं। आप में से कई लोग ऐसी विषम परिस्थितियों में किसी का साथ नहीं दे सकते हैं। इसलिए आपको इतना पक्षपाती, गलत विचारों के माध्यम से किसी और की छवि पर कमेंट करने और चर्चा करने का अधिकार नहीं है। पलक आगे अपनी मां के बारे में लिखती हैं, मुझे उनकी बेटी होने पर गर्व है। मैं अपनी मां के साथ खड़ी हूं। वह लिखती हैं मेरी मां सबसे मजबूत व्यक्ति हैं। मेरे लिए मेरी मां सबसे ज्यादा सम्मानजनक शख्स हैं। उन्हें समाज में खड़े रहने के लिए कभी किसी पुरुष की जरूरत नहीं हुई पलक ने सोशल मीडिया पर काली स्क्रीन के साथ एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अपनी पूरी बात खुलकर कही है। पलक का यह पोस्ट वायरल हो रहा है।
पूर्व पति संग भी हुआ था ऐसा ही विवाद
बता दें कि, पलक, श्वेता तिवारी और राजा चौधरी की बेटी हैं। राजा चौधरी ने शराब के नशे में श्वेता से मारपीट करता था। जिसके बाद श्वेता ने राजा से तलाक ले लिया। इसके बाद साल 2013 में श्वेता ने अभिनव कोहली से दूसरी शादी की। जिससे उन्हें ढाई साल का एक बेटा रेयांश कोहली भी है। गौरतलब है कि श्वेता तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरीयल ‘कसौटी जिंदगी की’ से की थी। इसमें उन्होंने प्रेरणा का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई थी। इसके अलावा श्वेता कई फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। वे रियेलिटी शो ‘बिग बॉस 4’ की विनर रही थीं।
