ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: अश्लील वीडियो बनाया, डेटिंग एप के जरिए हनीट्रैप में फंसाकर 6 लाख लूटे!

मुंबई: डेटिंग ऐप के जरिए हनीट्रैप में फंसाकर एक 45 वर्षीय आईटी प्रोफेशल से 6 लाख रुपए से ज्यादा की वसूली करने वाले चार आरोपियों को भिवंडी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं हैं। आरोपियों ने शिकायतकर्ता का अश्लील वीडियो बनाकर उसे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी थी। मामले में पुलिस एक फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

भिवंडी के शांतिनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के मुताबिक, मुंबई के घाटकोपर इलाके में रहने वाले शिकायतकर्ता ने डेटिंग एप पर प्रोफाइल बनाया था। इस पर दीपाली जैन नाम की एक महिला ने दिलचस्पी दिखाई और दोनों ने एक दूसरे से मोबाइल नंबर साझा किया जिसके बाद दोनों बातचीत करने लगे। जैन ने मिलने के लिए शिकायतकर्ता को अपने भिवंडी के अरिहंत सिटी कांप्लेक्स में स्थित घर में बुलाया। यहां महिला ने शिकायतकर्ता के साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान अपने दूसरे साथी की मदद से चोरी छिपे इसका वीडियो बना लिया।

इसके बाद चार और आरोपी वहां पहुंचे और उन्होंने शिकायतकर्ता को फोन जबरन छीनकर उनके और दीपाली के बीच हुए चैट डिलीट कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने बलात्कार के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देकर शिकायतकर्ता के विभिन्न बैंक खातों में मौजूद चार लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। यही नहीं आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पास मौजूद क्रेडिटकार्ड से दो लाख रुपयों के गहने और ईलेक्ट्रॉनिक सामान भी खरीद लिए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को धमकी दी कि अगर उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। लेकिन आरोपियों के चंगुल से छूटे शिकायतकर्ता सीधे शांतिनगर पुलिस स्टेशन पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने छापा मारकर जैन समेत मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक शुरूआती छानबीन में साफ हुआ है कि आरोपियों ने दूसरे लोगों को भी इसी तरह जाल में फंसाकर जबरन वसूली की है।