चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई मनपा चुनाव 2022: 227 सीटों पर लड़ेगी भाजपा, फडणवीस बोले- मुंबई मनपा पर भाजपा भगवा झंडा फहरेगा

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता व पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि फरवरी 2022 में होने वाले मुंबई मनपा के चुनाव में भाजपा का भगवा झंडा फहराएंगे। बुधवार को दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय वसंत स्मृति में मुंबई भाजपा की नई कार्यकारिणी की बैठक हुई। भाजपा ने मुंबई मनपा के चुनाव के लिए विधायक अतुल भातखलकर को प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी ने मुंबई मनपा की सभी 227 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। बैठक में फडणवीस ने कहा कि मुझे विश्वास है कि मुंबई मनपा पर भाजपा का भगवा झंडा फहरेगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की डिपो बनी मुंबई मनपा की सत्ता साल 2022 में बदलकर दिखाएंगे।
फडणवीस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में गुपकर गठबंधन का साथ देने वाली कांग्रेस से गठजोड़ करके शिवसेना महाराष्ट्र में सरकार चला रही है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को दोबारा लागू करने की किसी के बाप की औकात नहीं है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती कहती हैं कि कश्मीर में तिरंगा झंडा नहीं लगाने देंगे। लेकिन हम विरोध करने वालों की छाती पर बैठकर तिरंगा झंडा लगाएंगे।
पूर्व सीएम फडणवीस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 रद्द होने के बाद शान से तिरंगा झंडा लहरा रहा है। दूसरी ओर राकांपा अध्यक्ष तथा प्रदेश के जलसंसाधन मंत्री जयंत पाटील ने कहा कि भाजपा को आगामी चुनावों में हार नज़र आने लगी है, इसलिए भाजपा ने अभी से कमर कस लिया है।