ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: कांग्रेसी मंत्रियों का जनसंपर्क अभियान…

मुंबई: पांच साल बाद राज्य की सत्ता में लौटी कांग्रेस इस मौके का फायदा जनता से संपर्क बनाने के लिए रणनीतिक रूप से काम कर रही है। कांग्रेस के मंत्रियों तक आम जनता और कार्यकर्ता की पहुंच बनाने के लिए मंत्री खुद मंत्रालय से निकलकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं। इसी बीच मुंबई कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान के तहत हर महीने एक मंत्री को मुंबई कांग्रेस मुख्यालय में बुलाकर जनता दरबार का आयोजन शुरू किया है।
जनता दरबार की शुरुआत गुरुवार को राज्य की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने मुंबई कांग्रेस मुख्यालय में की। वह आम जनता से मिली और उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जनता से संपर्क और संवाद का इससे बेहतर तरीका कोई नहीं हो सकता। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के दौरान जनता द्वारा उठाई जाने वाली समस्याओं और सवालों का मुंबई कांग्रेस लगातार फॉलोअप करेगी। आम लोगों को कांग्रेस से जोड़ने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत के मौके पर मंत्री वर्षा गायकवाड, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड, पूर्व विधायक मधू चव्हाण, वीरेंद्र बक्षी, कचरू यादव, संदीप शुक्ला, डॉ. अजंता यादव, संदेश कोंडविलकर, राजेश ठक्कर, महेंद्र मुणगेकर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।