दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई के गोरेगांव में बिल्डिंग की पार्किंग में भीषण आग; 5 महिलाओं सहित 7 की मौत! 51 घायल

मुंबई, (राजेश जायसवाल): मुंबई के गोरेगांव स्थित उन्नत नगर में शुक्रवार तड़के एक G+5 (SRA) बिल्डिंग की पार्किंग में लगी भीषण आग में 5 महिलाओं सहित 7 लोगों की मौत की खबर है। आगजनी की घटना में 51 अन्य घायल हो गए। बिल्डिंग में लेवल 2 की आग लगी। करीब चार घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने यह जानकारी दी।

मिली जानकारी के मुताबिक, एमजी रोड पर जय भवानी नामक 6 मंजिला इमारत की 2000 वर्ग फुट की पार्किंग में आग सुबह करीब 3 बजे लगी। आग ने कम से कम चार कारों और 30 दोपहिया वाहनों को अपनी आगोश में ले लिया और देखते ही देखते आग बिजली के मीटर बॉक्स, सीढ़ियों तक फैल गई। आग की विकराल लपटें आवासीय मंजिलों तक पहुंच गई। आग देखकर इमारत के लोगों के साथ-साथ आपसपास की इमारत के लोग भी घबरा गए। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए थे।

मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और ग्राउंड फ्लोर पर आंशिक रूप से रहने वाली दुकानों और प्रतिष्ठानों के साथ 30 निवासियों को बचाने में कामयाब रहीं। दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है, जिसमें 5 महिलाएं, 2 नाबालिग और 2 पुरुष शामिल हैं, साथ ही 51 अन्य घायल हुए हैं, जिनमें 22 महिलाएं शामिल हैं। 5 मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है और बाकी को छुट्टी दे दी गई है। अधिकांश पीड़ितों को एम्बुलेंस से जोगेश्वरी के ट्रॉमा सेंटर और जुहू के कूपर अस्पताल, एचबीटी अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

बीएमसी आपदा नियंत्रण ने कहा कि अग्निशमनकर्मियों के कड़े प्रयासों के बाद सुबह करीब 6.55 बजे आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। फिलहाल, आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।

मुंबई के गोरेगांव में लगी आग पर राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैं नगर निगम आयुक्त और पुलिस से लगातार बात कर रहा हूं…जो हुआ वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं! सरकार उनके परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी…जो लोग घायल हैं उनका इलाज सरकार की ओर से कराया जाएगा।