ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई के चीता कैंप में टेंपो से कुचलकर दो साल की बच्ची की मौत; चालक गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई के एक इलाके में सड़क पर खेल रही 2 साल की एक बच्ची की टेंपो से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। ट्रॉम्बे क्षेत्र के चीता कैंप इलाके में शनिवार दोपहर हुई यह दुर्घटना घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें दिखाई दे रहा है कि टेंपो चालक ने लड़की को नहीं देखा और वाहन ने उसे कुचल दिया। बच्ची को टक्कर मारने के बाद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और वहां से भाग गया।
ट्रॉम्बे पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के समय लड़की अपने दो भाइयों के साथ इलाके में सड़क पर बैठी थी। अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद, लड़की के भाइयों ने शोर मचाया और अपने माता-पिता को सूचित किया, जो बच्चे को पास के अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि लड़की की मां की शिकायत के बाद, टेंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ 304-ए (लापरवाही से मौत) तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों सहित भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे घटना के संबंध में जांच की जा रही है।