ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई के पूर्व महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर का दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन!

मुंबई: मुंबई के पूर्व महापौर और शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ महाडेश्वर का रात करीब 2 बजे तेज दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे। पार्टी के एक पूर्व पार्षद ने यह जानकारी दी। महाडेश्वर के साथी रहे पूर्व पार्षद चंद्रशेखर वायंगणकर ने बताया कि रात करीब दो बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। महाडेश्वर की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। कुछ दिन पहले ही वह कंकावली गांव से मुंबई पहुंचे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए सांताक्रुज पूर्व के राजे संभाजी विद्यालय में रखा गया।इसके बाद शाम अंतिम संस्कार की यात्रा टीचर्स कॉलोनी बांद्रा श्मशान घाट के लिए रवाना होगी।

कौन थे विश्वनाथ महाडेश्वर?
विश्वनाथ महाडेश्वर का जन्म 15 अप्रैल 1960 को हुआ था। उन्होंने मुंबई के माटुंगा स्थित रुइया कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। वह सांताक्रूज में राजे संभाजी विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य भी थे। चार बार निगम पार्षद रहे विश्वनाथ महाडेश्वर पहली बार 2002 में इस पद पर चुने गये थे। वह 2017 से 2019 तक मुंबई के महापौर रहे। उन्होंने बीएमसी की स्थायी और शिक्षा समिति की अध्यक्षता भी की। 2002 में महाडेश्वर पार्षद पद पर निर्वाचित हुए। इसके बाद वे 2017 में मुंबई के महापौर बने। उन्होंने 2017 से 2019 तक मुंबई महापौर के रूप में कार्य किया। महाडेश्वर ने 2019 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। हालाँकि, बांद्रा पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। यह वह निर्वाचन क्षेत्र है जहां पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे का ‘मातोश्री’ निवास है।

महाडेश्वर का निधन, ठाकरे गुट के लिए बड़ी क्षति
विश्वनाथ महाडेश्वर के निधन से ठाकरे गुट को बड़ा नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि उनके अंतिम संस्कार में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और अन्य शिवसैनिक शामिल होंगे।

देवेंद्र फडणवीस ने शोक जताया
राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया- मुंबई के पूर्व मेयर प्रो. विश्वनाथ महाडेश्वर के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है।
मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।
ॐ शांति!

संजय राउत ने शोक व्यक्त किया
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा, ‘एक महान शिक्षक, शिक्षकों के सवालों के जानकार नगरसेवक और मुंबई के महापौर। उन्हें मेरी विनम्र श्रद्धांजलि!

मुंबई यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया- मुंबई के पूर्व मेयर विश्वनाथ महाडेश्वर जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दु:ख हुआ। इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।