Bhandup Khindipada House Collapse
मुंबई: मुंबई के भांडुप इलाके में ग्राउंड प्लस एक मंजिला मकान का स्लैब भरभराकर गिर गया है। मकान का हिस्सा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, भांडुप पश्चिम के खिंडीपाड़ा इलाके में मकान का स्लैब गिरने से उसमें दो व्यक्ति दब गए जिस कारण उनकी जान चली गई है। अधिकारी ने कहा कि यह घटना सुबह करीब 9.45 बजे हुई है। घटना उस दौरान हुई जब खिंडीपाड़ा इलाके में स्थित मकान में मरम्मत का काम चल रहा था।
दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा कि राजकुमार धोत्रे (19) और रामानंद यादव (18) के रूप में पहचाने गए दो लोगों को मुलुंड पश्चिम स्थित एमटी अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और स्थानीय निकाय के अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही घटनास्थल पर राहत बचाव का कार्य जारी है।
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। बीएमसी और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या मकान के मरम्मत कार्य के लिए संबधित विभाग से परमिशन ली गई थी और सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही थी या नहीं? अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
