ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई के मलाड में इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत! कई घायल, अस्पताल में भर्ती

मुंबई: मुंबई में बारिश के साथ ही हादसों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। बुधवार देर रात मुंबई में हुई तेज बारिश के कारण मलाड पश्चिम में एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। जिसमें 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यहांं न्यू कलेक्टर कंपाउंड में एक चार मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई! जबकि 7 लोग घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में आठ बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा 18 लोगों को बचा लिया गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने इसकी जानकारी दी है।
इस बीच जानकारी सामने आई है कि मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मुंबई पुलिस आईपीसी की धारा 304 (2) (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज करेगी। उन्होंने हाल ही में चक्रवात तौकते के बाद कुछ संरचनात्मक परिवर्तन किए थे। संयुक्त सीपी (कानून और व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटिल ने इसकी जानकारी दी है।
बीएमसी के अनुसार, आसपास की इमारतों को भी खाली करवा लिया गया है, क्योंकि इनकी हालत खराब है। फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने और बचाव कार्य जारी है। घायलों को बीडीबीए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलाड पश्चिम के अतिरिक्त सीपी दिलीप सावंत ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यह एक जी+2 बिल्डिंग थी जो दूसरी बिल्डिंग पर गिरी। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई! पुलिस उचित जांच करेगी और आगे की कार्रवाई करेगी।
बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून के दौरान इमारत गिरने की काफी घटनाएं सामने आती हैं। मुंबई में बुधवार को मानसून जोरदार दस्तक दी। भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तेज बारिश की चेतावनी दी है।

घटना स्थल पर पहुंचे मुंबई शहर के पालकमंत्री मंत्री असलम शेख ने कहा कि बारिश के कारण इमारतें गिर गई हैं। बचाव अभियान जारी है। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इमारतों के मलबे को हटाया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि और कहीं लोग फंसे हैं या नहीं। मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति सिद्दीकी ने कहा कि यह घटना रात करीब 10:15 बजे हुई। दो लोगों द्वारा हमें इमारत छोड़ने के लिए कहने के बाद वे बाहर आए। जैसे ही वो बाहर निकले उन्होंने देखा कि उनकी इमारत के पास एक डेयरी सहित तीन इमारत ध्वस्त हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि घायलों का इलाज सरकार के खर्चे पर किया जाएगा। उनके साथ महापौर किशोरी पेडनेकर भी मौजूद थीं। हादसे पर मेयर किशोरी पेडनेकर ने दुख व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि इस इमारत में हुए अवैध निर्माण की जांचकर दोषियों को सख्‍त सजा दी जाएगी। मामले की जांच शुरू हो गई है और दोषियों की तलाश की जा रही है। मेयर ने कहा कि भाजपा इस मामले में जो कह रही है उन्‍हें कहने दो उन्‍हें लगता है सब गलती शिवसेना की है और वे खुद साफ हैं।