ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई के लग्जरी होटल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने लोगों से की ये अपील…

मुंबई: मुंबई पुलिस ने होटल में फोन करने और उसे उड़ाने की धमकी देने के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद ये जानकारी साझा की है। इस आरोपित ने मुंबई के उपनगर वकोला में एक लग्जरी होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
मुंबई पुलिस ने बताया कि उनके पास गुरुवार रात 8:49 बजे सूचना प्राप्त हुई थी। इस सूचना के बाद एक जांच दल का गठन किया गया, उस जांच दल ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मोबाइल टॉवर की लोकेशन की जांच करने के बाद इस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पाया गया है कि आरोपी शराबी है। इससे पहले उसने मुंबई विश्वविद्यालय में बम की धमकी देकर फोन किया था। उसके खिलाफ बीकेसी और वकोला पुलिस थानों में प्राथमिकी दर्ज है। इससे पहले मंगलवार को नवी मुंबई से हेल्पलाइन नंबर 112 पर अंधेरी के एक मॉल, जुहू के मल्टीप्लेक्स और एयरपोर्ट के पास एक होटल में बम विस्फोट की सूचना मिली थी।
इस कॉल के संबंध में आजाद मैदान में मामला दर्ज किया गया था और जांच नवी मुंबई पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस बीच, मुंबई पुलिस ने लोगों से ऐसी अफवाहों और फर्जी कॉलों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।