मुंबई के MMRDA मैदान में ‘रामायण महोत्सव’ का आयोजन
25 से लेकर 28 फरवरी तक चलेगा यह कार्यक्रम..
मुंबई , महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुंबई में ‘रामायण महोत्सव’ का आयोजन करने जा रही है। सरकार इस महोत्सव पर तक़रीबन 5 करोड़ खर्च करने वाली है। इस कार्यक्रम का आयोजन मुंबई के एमएमआरडीए मैदान पर किया जाना है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है।
यह कार्यक्रम 25 फरवरी से लेकर 28 फरवरी तक चलेगा। महाराष्ट्र में होने वाले इस महोत्सव में भारत के साथ-साथ कम्बोडिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया के भी कलाकार, संस्कृत और हिंदी भाषा में रामायण को पेश करते नजर आएंगे।
इस ‘रामायण महोत्सव’ के आयोजन पर एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने निशाना साधा है। नवाब मलिक ने कहा है कि कई सालों से भारतीय जनता पार्टी राम नाम के सहारे अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है, लेकिन अब देश की जनता असलियत जान चुकी है। रही बात रामायण महोत्सव की तो पिछले 5 सालों में ये सरकार अपनी सारी विफलताओं को इस महोत्सव की आड़ लेकर छिपाने का काम कर रही है।
