ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

मुंबई: घाटकोपर में महिला की सिर कटी लाश, दहिसर में घर में महिला का शव मिलने से सनसनी

मुंबई: घाटकोपर इलाके में एक महिला की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। शव के पैर भी काट दिए गए हैं। एक शख्स ने सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब सड़क किनारे खून से लथपथ बेडशीट देखने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बेडशीट खोला तो उसमें एक महिला का धड़ था। शव घाटकोपर पश्चिम इलाके में नेवल गेट के पास मिला। महिला का धड़ बेडशीट में लपेटकर फेंका गया था। शव पर गाउन भी था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए राजावाडी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस महिला की पहचान की कोशिश में जुटी हुई है।

घर में मिला महिला का शव
दूसरी घटना दहिसर इलाके के एक घर में रोसिना शेख नाम की महिला का शव मिला है। शेख एक बार में बतौर वेटर काम करती थी। अपने पति से अलग हो चुकी शेख अपने एक दोस्त के साथ दहिसर इलाके में स्थित एसआरए की इमारत में किराए के फ्लैट में लिव इन रिलेशन में रहती थीं। शेख का दोस्त किसी काम से शहर से बाहर गया हुआ था। शेख की नौकरानी ने जब काफी समय तक घंटी बजाने के बाद किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो मामले की सूचना मकान मालिक को दी। दूसरी चाबी से दरवाजा खोलने पर शेख बेडरूम में बेहोश मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं है। आशंका है कि शेख ने जहर खाया है। पुलिस ने एडीआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।