उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई दर्दनाक: भीषण धूप में घंटों करती रही ट्रेन का इंतजार, भूख और प्यास ने ले ली महिला की जान!

मुंबई में ट्रेन के इंतजार में महिला ने धूप में तोड़ा दम! दिवंगत महिला का आधार कार्ड

मुंबई: लॉकडाउन के बीच लाखों लोग कई महीने से अपने घर नहीं पहुंच पाए हैं। इन सबके बीच मजदूरों की व्यथा और दर्दभरी तस्वीरें प्रतिदिन देखने को मिल रही हैं। एक ऐसा ही दर्दनाक दास्तां मुंबई से सामने आया, जिसने समूचे देश को हिलाकर रख दिया।
यहां अपने गांव जाने के लिए एक महिला चिलचिलाती धूप में घंटों खड़ी रही। इंतजार लंबा होता गया और आखिरकार कड़ी धूप से उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
यह हृदयविदारक घटना वसई पश्चिम इलाके के सनसिटी ग्राउंड की है। यहां नालासोपारा की रहने वाली विद्योत्तमा शुक्ला (57) धूप में बैठी हुई थीं। वह काफी देर से इंतजार में थीं कि ट्रेन आए और अपने गांव के लिए वह रवाना हो सकें। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जाने के लिए विद्योत्तमा सुबह ही अपने घर से निकली थीं। कई घंटों तक चिलचिलाती धूप में गांव जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। सुबह से दोपहर हो गई लेकिन ट्रेन का कुछ अता-पता नहीं था। दोपहर 2 बजे अचानक वह चक्कर खाकर बेहोश हो गईं और गांव पहुंचने के सपनों के बीच उन्होंने मुंबई में दम तोड़ दिया!
पुलिस ने इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मानिकपुर पुलिस ने ADR के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस बीच महाराष्ट्र में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 54,758 हो गई है। राज्य में कोरोना वायरस से 97 और लोगों की मौत के साथ महामारी में जान गंवाने वालों की संख्या 1,792 तक पहुंच गई है।

मुंबई में अकेले 32,791 मामले
राजधानी मुंबई में अब तक कोरोना के 32,791 मामले सामने आ चुके हैं। मंगलवार को शहर में कोरोना वायरस के कुल 1,002 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 32,791 हो गई है। बीते 24 घंटों में शहर में 39 और लोगों की मौत के बाद शहर में कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या 1,065 हो गई है।