ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई पर फिर मंडरा रहा आतंकी साया? आतंकियों ने कहा- 26/11 की यादें कर देंगे ताजा!

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 26/11 जैसे एक और आतंकी हमले की कथित चेतावनी का संदेश मिला है। मुंबई पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल रूम को शुक्रवार रात पाकिस्तान के एक नंबर से व्हाट्सएप नंबर पर आतंकी हमले की कथित चेतावनी वाला यह मैसेज मिला। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।


मुंबई के पुलिस आयुक्त विवेक फणसाळकर के अनुसार, बीती रात मुंबई में ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल को कुछ मैसेज मिले, जिसमें आतंक फैलाने की बात करते हुए धमकी दी जा रही थी। मैसेज के मुताबिक, धमकी देने वाले के कुछ सहयोगी भारत में भी सक्रिय हैं। धमकी एक व्हाट्सएप संदेश (WhatsApp message) में थी, ऐसा कहा जा रहा है कि ये धमकी पड़ोसी देश से मिली है। हालांकि, संदेश में प्रेषक का विवरण या हमले कब होंगे, यह स्पष्ट नहीं था। संदेश में यह भी दावा किया गया है कि अगला हमला भारी हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी चरमपंथियों द्वारा शहर में 26/11 के आतंकी हमलों की यादें ताजा कर देगा।

मुंबई के ट्रैफिक कंट्रोल रूम को एक पाकिस्तानी नंबर से व्हाट्सएप्प मैसेज भेजकर मुंबई में पुनः 26/11 जैसा हमला करने की धमकी दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप्प नंबर पर आया यह संदेश शुद्ध हिंदी में लिखा हुआ है। धमकी में ये भी कहा गया है कि 6 लोग भारत में, जो इस काम को अंजाम देंगे।
मैसेज में पिछले कुछ दिनों में उदयपुर और अमरावती में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए भारत में 26/11 के हमले जैसी घटना दोहराने की बात कही गई है। संदेश में लिखा है कि यह नंबर ट्रेस करोगे तो यह बाहर का निकलेगा। लेकिन मुंबई में धमाका करने वाले लोग जल्द पहुंचने वाले हैं।

मुंबई में गणेशोत्सव और नवरात्रोत्सव जैसे कई त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में आज मिली धमकी ने मुंबई पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। इन त्यौहारों में सड़क पर होने वाली भीड़ पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में 26/11 जैसे हमले को दोहराने की धमकी से मुंबई पुलिस और सतर्क हो गई है। धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्ध की जांच की जा रही है।

मुंबई पुलिस लेगी एटीएस और क्राइम ब्रांच की मदद: CP
मुंबई पुलिस के मुखिया विवेक फणसाळकर ने कहा कि मुंबई पुलिस किसी भी धमकी को हल्के में नही लेती है। अभी मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद केस क्राइम ब्रांच को सौंपा जाएगा। हम जांच में एटीएस, क्राइम ब्रांच समेत दूसरी एजेंसियों की मदद भी लेंगे।

मुंबई पुलिस की बढ़ी चिंता
बता दें कि 2 दिन पहले ही रायगढ़ के समुद्री तट पर एक लावारिस स्पीड बोट में तीन एके- 47 राइफलें और जिंदा कारतूसों के 10 बॉक्स मिले थे। हालांकि, अब तक की जांच में इस नौका का किसी आतंकी साजिश से संबंध होने से इंकार किया गया है। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि जिस बॉक्स में हथियार रखे हुए थे, उस पर अंग्रेजी में नेप्च्यून मैरिटाइम सिक्योरिटी लिखा हुआ है, यह कंपनी ब्रिटेन की है।

राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार ने कहा है कि सरकार को आतंकी खतरे को गंभीरता से लेना चाहिए और जांच करनी चाहिए।