ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई पुलिस ने महज 10 घंटे में दो महीने की अगवा बच्ची को ढूंढ निकाला; आरोपी गिरफ्तार!

मुंबई: मुंबई में मंगलवार को एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन के पास फुटपाथ पर रहने वाली एक महिला की दो महीने की बच्ची का अपहरण कर लिया गया था। मुंबई पुलिस ने महज 10 घंटे में ही सीसीटीवी की मदद से बच्ची को ढूंढ निकाला!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार 26 अक्टूबर की रात को छत्रपति शिवाजी टर्मिनस में सेंट जेवियर्स स्कूल के पास एक महिला और उसका पति अपने तीन बच्चों के साथ फुटपाथ पर रहते हैं। मंगलवार रात को सभी लोग सो रहे थे तब एक शख्स आया और बच्ची को वहां से उठा ले गया।

बुधवार सुबह बच्ची की मां उठी तो उन्होंने देखा की बच्ची वहां से गायब है। महिला ने बच्ची को आसपास ढूंढा लेकिन बच्ची का कहीं भी पता नहीं चला। स्थानीय लोगों से पूछताछ में भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर महिला पुलिस थाने गई और बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच और मुंबई पुलिस समेत आठ टीम जांच में जुट गई। जगह-जगह पुलिसबल तैनात किए गए। इस दौरान पुलिस ने इलाके से CCTV फूटेज भी निकलवाया, जब इसकी जांच की गई तो फुटेज में एक शख्स बच्ची को उठाकर ले जाता हुआ दिखा। इसके बाद पुलिस ने वडाला के अंटॉपहिल इलाके से संदिग्ध का पीछा किया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी का पता लगाया और बच्ची को आरोपी के कब्जे से छुड़ा कर उसकी मां को सौंप दिया।

किडनैप कर बच्ची को बेचने की फिराक में थे आरोपी
आरोपी की पहचान 46 साल के मोहम्मद हनीफ के रुप में हुई है। पुलिस ने हनीफ को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बच्ची को किडनैप करके बेचने की फिराक में था। इसमें उसकी पत्नी आफरीन भी शामिल थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को IPC की धारा 363 के गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को शक है कि आरोपी पहले भी ऐसी घटना को अंजाम दे चुका है।