उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

पुष्पक एक्सप्रेस में महिला के साथ गैंगरेप एवं यात्रियों से लूटपाट मामले में आठों आरोपियों की हुईं गिरफ्तारी

मुंबई: लखनऊ से मुंबई आ रही पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में बीते शुक्रवार को हुई डकैती एवं दुष्कर्म की घटना में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से चार आरोपितों को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। चार आरोपितों को आज गिरफ्तार कर लिया गया। आठ आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि जीआरपी के पुलिस आयुक्त कैसर खालिद ने की है।
जीआरपी आयुक्त कैसर खालिद ने ही स्वयं ट्वीट कर बीते 8 अक्‍टूबर को हुई घटना की जानकारी दी थी। उन्‍होंने कहा था कि आठ अक्तूबर को मुंबई से लखनऊ आ रही पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन जब नासिक के बाद इगतपुरी स्टेशन पहुंची तो उसकी डी-2 स्लीपर कोच बोगी में आठ हथियार बंद लोग चढ़ गए। ट्रेन चलने के बाद इगतपुरी से कसारा के बीच ट्रेन के सुरंगों से गुजरने के दौरान यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। साथ ही एक 20 वर्षीय युवती से दुष्कर्म भी किया।

बता दें कि इगतपुरी से कसारा के बीच ट्रेन को कई सुरंगों से गुजरना पड़ता है। इस दौरान ट्रेन में घना अंधेरा हो जाता है। लूटपाट होते देख यात्रियों ने कसारा स्टेशन पहुंचते ही शोर मचाकर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने चार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है एवं उनके पास से 34,200 रुपयों की संपत्ति भी बरामद की है। दुष्कर्म पीड़िता को अस्पताल भेज दिया है। उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। कैसर खालिद के अनुसार पुलिस हमलावरों पर आईपीसी की धाराओं 395 (डकैती), 397(लूट एवं डकैती), 376डी(सामूहिक दुष्कर्म),३५४ (किसी महिला की अस्मत पर हमला), तथा 354बी एवं इंडियन रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ कर रही है।