ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: फोर्ट इलाके में तीन मंजिला इमारत गिरी, 17 लोग मलबे से निकाले गए

मुंबई के फोर्ट इलाके में मंगलवार देर रात एक तीन मंजिला इमारत गिर गई। मलबे में दबे 17 लोगों को सही सलामत बाहर निकाला गया है। इसमें आधा दर्जन लोगों को चोटें आईं हैं। पुलिस का कहना है कि बिल्डिंग कमजोर थी। इसका एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया। घटना रात करीब 10 बजे दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके में मंगलदास रोड लोहार चॉल की है। अभी भी मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर एनडीआरएफ, बीएमसी के कर्मचारी और दमकल विभाग की टीम राहत कार्य में जुटी हुई है। ये बिल्डिंग राज्य आवास एजेंसी म्हाडा के अधिकार क्षेत्र में आती है। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि पहले तो उन्हें जानकारी मिली कि मलबे में तीन से चार ही लोग हो सकते हैं, लेकिन धीरे-धीरे आसपास के लोगों ने कहा कि ये संख्या ज्यादा हो सकती है। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद सावधानी से चलाया जा रहा है। अग्निशमन दल के प्रमुख पी. एस. रहांगडाले ने बताया कि एहतियातन पास की द्वारकादास इमारत और यूसुफ इमारत के बचे हुए हिस्से को खाली करा लिया गया है।
जुलाई महीने में भी मुंबई के डोंगरी इलाके में करीब 100 साल पुरानी चार मंजिला इमारत गिर गई थी। इस हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग मारे गए थे। राज्य सरकार मुंबई की जर्जर इमारतों को चिन्हित कर रही है, और उनके मालिकों को नोटिस भेज कर उन्हें गिराने का काम कर रही है।