ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई: मलाड में डॉक्टर के क्लीनिक में मिली नाबालिग लड़की की लाश; पीड़िता की मां ने लगाया रेप का आरोप, फ़ैली सनसनी

मुंबई: मुंबई के उपनगर मलाड से सनसनीखेज हैवानियत का मामला सामने आया है। यहाँ स्थित एक क्लीनिक में किशोरी का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। आधिकारिक सूचना के मुताबिक, गुरुवार को पुलिस ने एक डॉक्टर को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 28 दिसंबर को उस क्लिनिक में हुई जहां लड़की (उम्र का खुलासा नहीं) काम करती थी। सूचना मिलने के बाद कुरार पुलिस स्टेशन की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नगर निगम अस्पताल भेज दिया। इधर, मृतक की मां ने कहा कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है और दावा किया है कि उन्होंने डॉक्टर के अभद्र व्यवहार के बारे में शिकायत की थी।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर डॉक्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 376 (बलात्कार के लिए सजा) और किशोर न्याय अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों की सुरक्षा अधिनियम (POCSO अधिनियम) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है, और मामले की जांच में जुटी हुई है।

किशोर लड़के पर नाबालिग लड़की से बलात्कार कर गर्भवती करने का आरोप!
एक दूसरी घटना: नवी मुंबई पुलिस के हद में एक 17 वर्षीय लड़के पर उसी उम्र की अपनी दोस्त के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने और उसे गर्भवती करने का मामला दर्ज किया गया है। रबाले पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि उस पर भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत बलात्कार और अन्य अपराधों के लिए आरोप लगाया गया है।
आधिकारिक सूचना के मुताबिक, दोनों छात्र हैं। पीड़िता मुंबई के एक अस्पताल में है। नवी मुंबई पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार प्राथमिकी दर्ज की है। किशोर पर अगस्त में अपने आवास पर उसके साथ बलात्कार करने का आरोप है, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई। आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।