दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व CM फडणवीस को बिहार की जिम्मेदारी- सुशांत मामले को भुनाने में जुटी बीजेपी

मुंबई: चुनाव प्रबंधन के रणनीतिकार माने जाने वाले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को बिहार विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाए जाने पर मुंबई के उत्तरभारतीय समाज ने खुशी जताई है। उत्तरभारतीय नेता व मुंबई भाजपा के महासचिव अमरजीत मिश्र ने शुक्रवार को फडणवीस के आवास पर उनसे भेंट कर अभिनंदन किया।
मिश्र ने कहा कि जमीन से जुड़े देवेन्द्र फडणवीस ने विपरित परिस्थितियों में भी महाराष्ट्र में भाजपा को नंबर बन बनाया। अब बिहार में भाजपा की ताकत बढ़ेगी। अमरजीत मिश्र के नेतृत्व में मिले उत्तरभारतीयों के दल ने फडणवीस को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर फडणवीस ने सामाजिक संस्था अभियान द्वारा सावन महोत्सव के बाद उत्तर भारत के लोक जीवन पर आधारित पुस्तिका ‘लोक चेतना’ का विमोचन भी किया।

कोर ग्रुप की बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए फडणवीस
देवेन्द्र फडणवीस गुरूवार को बिहार भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए थे। महाराष्ट्र के पांच साल तक मुख्यमंत्री रहे देवेन्द्र फडणवीस के लिए राष्ट्रीय मंच पर यह पहली बड़ी जिम्मेदारी होगी। भाजपा आलाकमान बिहार चुनाव में प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र यादव के साथ चुनाव प्रभारी के रूप में देवेन्द्र फडणवीस को लाकर बेहतर तालमेल और प्रभावी रणनीति के साथ चुनाव लड़ना चाहता है। देवेन्द्र और धर्मेन्द्र की जोड़ी इसके पहले महाराष्ट्र में भी काम कर चुकी है।

सुशांत प्रकरण को भुनाने में जुटी भाजपा
बिहार में देवेन्द्र फडणवीस को अहम जिम्मेदारी देने को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले से जोड़कर भी देखा जा रहा है। दरअसल बिहार चुनाव में सुशांत प्रकरण एक प्रमुख मुद्दा बनता दिख रहा है। ऐसे में भाजपा की कोशिश सुशांत राजपूत की मौत से तैयार हो रही परिस्थिति को अपने पक्ष में भुनाने की है। बता दें कि सुशांत की मौत का मसला बिहार बनाम महाराष्ट्र का रूप लेता जा रहा है। सुशांत प्रकरण में फडणवीस न केवल इस मामले की जांच करने मुंबई पहुंचे बिहार के अधिकारी को क्वारेंटाइन करने के फैसले पर सवाल उठा चुके हैं, बल्कि इस प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने संबंधी सुशांत के परिवार की मांग के साथ भी खड़े दिखे हैं। लिहाजा माना जा रहा है कि बिहार चुनाव में वे पार्टी के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

कांग्रेस के सावंत ने ट्वीट कर साधा निशाना
विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश कांग्रेस ने कटाक्ष किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने ट्वीट कर कहा कि कोरोना संकट काल में फडणवीस की बिहार के लिए नियुक्ति से महाराष्ट्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी। भाजपा को महाराष्ट्र के हित में यह फैसला लेने के लिए बधाई और फडणवीस जी को शुभकामनाएं, मिले घर में सुखी रहें।