ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में खुलेआम गुंडागर्दी: 6 लोग एक शख्स को लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटते रहे, पास खड़े लोग देखते रहे तमाशा; अब तक 2 गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई की शिवाजी नगर पुलिस ने आखिरकार उस वायरल वीडियो का पता लगा लिया है, जिसमें कुछ लोग एक शख्स को बुरी तरह से लाठी-डंडे से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में नज़र आ रहा शख्स बार-बार छोड़ने की गुहार लगाता हुआ नजर आ रहा है। खास बात यह है कि जिस दौरान पीड़ित को पीटा जा रहा था, मौके पर कई लोग मौजूद थे और उसे बचाने के लिए कोई भी सामने नहीं आया।
शुक्रवार को शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन की ओर से बताया कि घटना 11 जनवरी रात 8 बजे की है। वीडियो में अकरम नाम के एक शख्स को कई लोग बुरी तरह लात-घूसे और डंडे से पीट रहे हैं। वे उसे तब तक मारते हैं, जब तक वह बेहोश होकर गिर नहीं पड़ता है।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
वीडियो की जांच के बाद पता चला कि आरोपी और पीड़ित दोनों एक ही इलाके में रहते है। एक दूसरे से परिचित हैं। अकरम के पिता की शिकायत पर शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में जमशेद अख्तर, इरफान, राशिद जग्गा और तीन अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 307(हत्या के प्रयास) का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अभी मारपीट की वजहों का पता लगा रही है।

डर की वजह से मुंबई से भाग गया था पीड़ित
शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद अकरम बेहद डर गया था और मुंबई छोड़कर चला गया था। उसने उस वक्त कोई शिकायत नही दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों, जमशेद और इरफान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।