उत्तर प्रदेशलाइफ स्टाइल

लखनऊ के 11 साल के ग्रैंड मास्टर के नाम 35 रिकॉर्ड, 25 को पीएम मोदी करेंगे बात, देंगे ‘बालवीर पुरस्कार’!

लखनऊ: आज हम आपको एक ऐसे बालवीर के बारे में बताने जा रहे हैं जिसने महज 11 साल की उम्र में संगीत और अपने हौसले के दम पर 35 रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिया है। हम बात कर रहे निरालानगर में रहने वाले व्योम की। 25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल व्योम से बात करेंगे बल्कि उसे बालवीर पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।
सीएमएस गोमतीनगर में कक्षा सात में पढ़ने वाले व्योम की मां दिया साहू ने बताया कि बचपन से ही इसकी प्रतिभा के हम सब कायल हैं। दो साल चार महीने की उम्र में बांसुरी बजाकर हम सबके साथ ही अन्य संगीत के महारथियों को चौका दिया था। संगीत, ज्ञान, विज्ञान व खेल में अब तक इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में 28 बार नाम दर्ज हो चुका है। नौ साल की उम्र में बंजी जंपिंग कर एशिया का सबसे कम उम्र का खिलाड़ी बना तो पढ़ाई के क्षेत्र में दो बार फ्यूचर कलाम अवार्ड मिल चुका है। तीन एशिया और दो यूनिवर्स अवार्ड भी व्योम की झोली में है। अवार्ड देकर उसका हौसला और बढ़ता है।

व्योम पढ़ाई में भी अव्वल हैं। समय से पढऩे के साथ ही संगीत और खेल में भी वह आगे रहते हैं। बिजनेसमैन पिता निखिल साहू भी व्योम का हौसला बढ़ाते हैं। मां दिया साहू ने बताया कि हम सब उसका हौसला बढ़ाते हैं। स्कूल की ओर से व्योम को ग्रैंड मास्टर का अवार्ड मिल चुका है। पुरस्कार मिलने पर खुशी हो रही है। मेरा मानना है कि माता-पिता को अपने बच्चों की रुचि का ध्यान रखकर ही उसके भविष्य का सपना देखना चाहिए।