ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में बिना मास्क घूमने वालों को अब भरना होगा ऑनलाइन जुर्माना

मुंबई: कोरोना महामारी के खिलाफ सबसे पहला हथियार बने मास्क आज भी बेहद अहम हैं। बिना मास्क के सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वालों से अब बीएमसी ऑनलाइन जुर्माना वसूल करेगी। इसके लिए बीएमसी एक मोबाइल ऐप विकसित कर रहा है। इसके माध्यम से बिना मास्क घूमने वालों से अब ऑनलाइन जुर्माना लिया जाएगा। जुर्माने की औपचारिक रसीद के साथ व्यक्ति को उसके मोबाइल पर बिना मास्क की तस्वीर भेजी जाएगी।
बीएमसी के मुताबिक, जिस तरह ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर जुर्माना भरने का संदेश भेजा जाता है उसी तर्ज पर बीएमसी का ऐप काम करेगा।
बता दें कि पिछले डेढ़ साल से बिना मास्क घूमने वालों पर नकेल कसने के लिए बीएमसी ने क्लीनअप मार्शल की तैनाती की है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सचेत किया था कि मास्क पहनकर ही कोरोना से बचाव सबसे अच्छा तरीका है। बीएमसी ने मार्शल को एक निजी ठेकेदार के माध्यम से नियुक्त किया था। बीएमसी के 24 वार्डों में 30 से 50 मार्शलों द्वारा 200 रुपए जुर्माना लिया जा रहा है। आधा जुर्माना ठेकेदार को और आधा बीएमसी को दिया जाता है। क्लीनअप मार्शल के खिलाफ जबरन वसूली की कई शिकायतें आई हैं।

मार्शलों के खिलाफ मिल रही शिकायतों के लेकर BMC सख्त
आये दिन मार्शलों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान सादे कपड़ों में कार्रवाई करने, बिना पर्ची दिए जुर्माना वसूली करने तथा लोगों को धमकाने की शिकायतों पर बीएमसी ने सख्त रुख अपनाया है। ड्यूटी पर क्लीनअप मार्शल को वर्दी पहनना अनिवार्य है। वर्दी के दोनों ओर मनपा विभाग, मार्शल, ठेका एजेंसी का नाम और नंबर लिखना अनिवार्य है।

ऐसी होगी कार्यवाही
सफाईकर्मी बिना मास्क लगाए नागरिक की फोटो खींचेगा। यह फोटो संबंधित को दिखाकर मोबाइल पर भेज दी जाएगी। जुर्माने की रसीद भी मोबाइल पर भेजी जाएगी। एप को अभी विकसित किया जा रहा है। कितना जुर्माना वसूलना है और जुर्माना नहीं भरने पर कैसे कार्रवाई करनी है, इस पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। इसमें क्लीनअप मार्शल को उनका एरिया तय किया जाएगा। वह अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर अवैध वसूली नहीं कर पाएगा।