ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई में महिला पुलिस अधिकारी का पीछा करने के आरोप में सहायक पुलिस निरीक्षक गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई में पुलिस के नियंत्रण कक्ष के 39 वर्षीय सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) को महिला पुलिस निरीक्षक का पीछा करने और उसे मैसेज भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने पूर्व में भी आरोपित के खिलाफ शिकायत की थी। तब दोनों आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में काम कर रहे थे। इसके बाद आरोपित को सजा के तौर पर पुलिस नियंत्रण कक्ष में स्थानांतरित कर दिया गया।
कंट्रोल रूम यूनिट के एपीआई दीपक देशमुख, महिला शिकायतकर्ता के साथ दो साल पहले ईओडब्ल्यू में काम कर रहा था। शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता के मना करने के बावजूद वह उसका पीछा करता था। पीड़िता ने दो साल पहले देशमुख को चेतावनी दी थी, लेकिन वह उसे परेशान करता रहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों को उत्पीड़न के बारे में सूचित किया। उन्होंने मामले की जांच की और देशमुख को अनुशासनात्मक कार्रवाई के रूप में नियंत्रण कक्ष में स्थानांतरित कर दिया। इसके बावजूद आरोपित पीड़िता को मैसेज भेजता रहा। पीड़िता फिलहाल, मुंबई पुलिस की स्पेशल ब्रांच में कार्यरत है। देशमुख के व्यवहार से तंग आकर इस साल जनवरी में पीड़िता ने कुरार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपित को पुलिस हिरासत में भेजा गया
कुरार पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश मच्छिंद्र गाढवे ने कहा कि हमने आरोपित को कई बार पुलिस थाने में बुलाया, लेकिन देशमुख कभी जांच अधिकारी के सामने पेश नहीं हुए। जांच का दबाव डालने पर देशमुख ने कुरार पुलिस थाने के अधिकारी को गाली दी। मंगलवार की रात देशमुख, शिकायतकर्ता के कुरार स्थित आवास पर गया और पुलिस के पास जाने के लिए उसे भी गालियां दीं। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। पुलिस देशमुख को थाने ले गई। कुरार पुलिस ने देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित को बोरीवली मेट्रोपालिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।