ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई में मूसलाधार बारिश के कारण पानी-पानी हुईं सड़कें, अंधेरी सब-वे बंद, NDRF की 8 टीमें तैनात

मुंबई: मुंबई में सप्ताह के पहले दिन सोमवार से ही रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है, परन्तु मंगलवार की सुबह बारिश ने रफ़्तार पकड़ ली। भारी बारिश के चलते मुंबई के कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। यहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई निचले इलाकों की सड़कों पर भारी जलभराव देखा गया। भारी बारिश के कारण यहां कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिल रही है। ठाणे जिले में भी भारी बरसात हो रही है।
मुंबई के अंधेरी, जोगेश्वरी, सांताक्रुज, सायन, चेंबूर, दादर, माटुंगा और कुर्ला के कुछ इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। मंगलवार से हो रही बारिश की रफ़्तार को देखते हुए प्रशासन ने अंधेरी सब-वे को बंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि यहां कई घरों में बारिश का पानी घुस गया है। जिसे निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मुंबई में पिछले 12 घंटों में शहर में 95.81 mm जबकि पूर्वी उपनगर में 115.09 mm और पश्चिमी उपनगर में 116.73 mm बारिश दर्ज हुई है। वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मुंबई में शुक्रवार तक बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की तरफ से मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ऑरेंज अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अगले 5 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किये जाने के बाद महाराष्ट्र के कोंकण में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीमों को तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र में NDRF की आठ टीमें तैनात की गई हैं, इनमें से एक-एक टीम नागपुर, रत्नागिरी जिले के चिपलून और रायगढ़ जिले के महाड में तैनात है, जबकि बाकी पांच टीमें मुंबई में हैं। मौसम विभाग ने चार जुलाई से आठ जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं।

अलर्ट मोड पर सीएम शिंदे, ले रहे पल-पल की जानकारी
भारी बारिश के बीच महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी अलर्ट मोड में आ गए हैं और बारिश के हालात पर खुद नज़र गड़ाए हुए हैं। वह लगातर कोंकण क्षेत्र के सभी जिलाधिकारियों के संपर्क में हैं ताकि नागरिकों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संबंधित विभागों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है। महाराष्ट्र के रायगढ़, रत्नागिरी, ठाणे, पालघर, सिंधुदुर्ग और कोल्हापुर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।