महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में विधवा भाभी के जॉब करने से नाराज देवर ने चेहरे पर फेंका तेजाब! गंभीर हाल में ICU में भर्ती

मुंबई: घाटकोपर इलाके में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक देवर ने अपनी भाभी के चेहरे पर तेजाब डाल दिया। इस घटना में महिला का चेहरा बुरी तरह से जल गया है और उसे ICU में एडमिट करवाया गया है। पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी को महिला का घर से बाहर जाकर काम करना पसंद नहीं था।
गुरुवार को हुई यह घटना परशीवाड़ी इलाके के मुनीर बशीर घासवाला चॉल में हुई है। घाटकोपर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला के पति की कुछ दिनों पहले मौत हो चुकी है। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण महिला ने घर के पास एक ज्वैलरी शॉप में काम करना शुरू कर दिया था। यह बात उसके देवर प्रबुद्ध को नागवार लग रही थी। उसने कई बार महिला को नौकरी छोड़ने के लिए कहा और जब महिला नहीं मानी तो उसने गुरुवार को तेजाब की बोतल उसके चेहरे पर उड़ेल दी।

महिला को बचाने के चक्कर में ज्वैलर मालिक भी जला
घाटकोपर ठाणे के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र आगरकर ने बताया की जिस समय महिला पर तेजाब फेंका गया, उस समय वहां पर दुकान मलिक सुधांशु प्रामाणिक भी ज्वैलरी शॉप में मौजूद थे। इस वजह से दुकान मालिक के हाथ-मुंह भी जल गए हैं। इस घटना के बाद दोनों को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में घाटकोपर पुलिस ने आइपीसी की धारा 323 और 504 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी प्रबुद्ध कांबले को गिरफ्तार किया है।