ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई में 16 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म के आरोप में 3 नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई में 16 साल की लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए छह लोगों में से तीन लड़के नाबालिग हैं और उन्हें किशोर पुनर्वास केंद्र भेजा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अन्य तीन आरोपियों को 30 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया।
एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को लोअर परेल इलाके के चॉल से पकड़ा गया था। आरोपियों में से एक पीड़िता का दोस्त था और दोनों एक अन्य दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए चॉल में गए थे। अन्य पांच आरोपी भी वहां मौजूद थे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि बाद में रात में चॉल के निवासियों ने लड़की के रोने की आवाज सुनी और स्थानीय पुलिस थाने को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर एनएम जोशी मार्ग पुलिस थाने के पुलिसकर्मियों ने नाबालिग लड़की और आरोपियों को पाया। अधिकारी ने कहा कि लड़की द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि नाबालिग आरोपियों में से तीन को हिरासत में लिया गया और डोंगरी के बाल सुधार गृह भेज दिया गया। आगे की जांच की जा रही है।