ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई लोकल में ‘सीट’ को लेकर महिलाओं का दंगल; मारपीट के बीच में बचाव कर रही महिला पुलिसकर्मी हुई घायल

मुंबई: मुंबई की एक लोकल ट्रेन में गुरुवार को सीट को लेकर महिलाओं में जमकर मारपीट हुई। इसका वीडियो भी सामने आया है। इस दौरान एक महिला पुलिस कॉन्सटेबल भी घायल हो गई। घटना ठाणे से पनवेल जा रही एक लोकल की है।
वीडियो में दिखाई दे रहा कि ठाणे-पनवेल लोकल ट्रेन में सीट को लेकर दो महिलाओं के बीच पहले बहस होती है, फिर देखते ही देखते उनके बीच हाथापाई शुरू हो जाती है। इस मामले में दोनों महिलाओं ने एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
इस मामले में वाशी रेलवे स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर एस कटारे ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ठाणे से लोकल ट्रेन में एक महिला अपनी पोती के साथ सवार हुई थी। वहीं एक अन्य महिला ने कोपरखैरणे में ट्रेन पकड़ी थी। तीनों सीट खाली होने का इंतजार कर रही थीं। तुर्भे स्टेशन पर एक सीट खाली हुई तो दादी ने अपनी पोती को सीट दिलाने का प्रयास किया।
हालांकि, उसी समय दूसरी महिला भी सीट पर बैठने की कोशिश करने लगी। महिला यात्री ने उसे मना किया, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया और कुछ ही देर में मारपीट शुरू हो गई। कटारे ने कहा कि वाशी जीआरपी घटना की जांच कर रही है और मामला दर्ज कर लिया गया है।

मारपीट में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी भी घायल हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी समेत तीन महिलाओं को चोटें आईं है। वीडियो में दो महिला यात्रियों के सिर में लगी चोट से खून बहता देखा जा सकता है। ऐसा कोई पहली बार नहीं हैं जब लोकल ट्रेन में ‘सीट’ को लेकर जंग छिड़ी हो।