उत्तर प्रदेशमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: समाजवादी पार्टी पूरी ताकत से लड़ेगी आगामी बीएमसी चुनाव, यूपी चुनाव से बढ़ा हौसला

मुंबई: आगामी बृहन्मुम्बई महानगरपालिका (BMC) चुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) पूरी ताकत से लड़ेगी। यह फैसला सपा के केंद्रीय नेतृत्व ने लिया है। इसके लिए महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी के नेतृत्व में पार्टी का संगठन और मजबूत किया जा रहा है। सपा के दो विधायक पूरे महाराष्ट्र की आवाज उठा रहे हैं। यह जानकारी मुंबई दौरे पर आए समाजवादी पार्टी के यूपी प्रदेश सचिव और प्रवक्ता प्रदीप सिंह (बब्बू) ने मुंबई में दी।
प्रदीप सिंह ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भले ही सत्ता तक नहीं पहुंच पाई, लेकिन पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के कड़ी मेहनत के कारण पार्टी और सहयोगी दल ने 125 सीटें जीती हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 विधानसभा और 2019 लोकसभा चुनाव की तुलना में 2022 विधानसभा चुनाव में सपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है। सपा सचिव ने कहा कि पार्टी इस बात की समीक्षा करेगी कि सत्ता तक पहुंचने में कहां चूक हुई। यूपी विधानसभा का पूरा चुनाव विकास के मुद्दे पर नहीं बल्कि हिंदू-मुस्लिम पर हुआ। क्योंकि, सत्ताधारी बीजेपी ने अपने पांच साल के कार्यकाल में क्या काम किया यह जनता को बताने के लिए उनके पास कुछ भी नहीं था।