ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

मुंबई: BMC के वरिष्ठ अधिकारी अशोक खैरनार की कोरोना से मौत!

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के हालात दिन ब दिन बदतर होते जा रहे हैं। शनिवार को बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी की कोरोना से मौत हो गई। इस महामारी से जान गंवाने वाले बीएमसी के एच/पूर्व विभाग के सहाय्यक आयुक्त अशोक खैरनार थे। खैरनार कोरोना के खिलाफ जंग में बीएमसी की टीम के महत्वपूर्ण मेंबर थे। बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने खैरनार की मौत की पुष्टि की है।
तबीयत ठीक न महसूस करने के बाद 57 साल के खैरनार ने अपना कोविड-19 टेस्ट कराया था। पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। पहले उन्हें बांद्रा के गुरुनानक अस्पताल में एडमिट कराया गया था। बाद में सेवेन हिल्स अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार न होने के बाद शुक्रवार को उन्हें फोर्टिस में ट्रांसफर कर दिया गया था। यहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

फील्ड में संक्रमण होने की चर्चा
बीएमसी के अधिकारियों का कहना है कि खैरनार में वायरस का संक्रमण तब हुआ होगा जब वह फील्ड में रहे होंगे। गौरतलब है कि कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने वाले 103 फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं की अब तक मौत हो चुकी है। वहीं 2 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। अब बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। बीते दिनों बीएमसी के डेप्युटी म्युनिसिपल कमिश्नर शिरीष दीक्षित की भी कोरोना से मौत हो गई थी।

बता दें कि मुंबई में शनिवार को कोरोना के एक हजार 308 नए मामले सामने आए थे। वहीं 24 घंटे के अंदर 39 लोगों की महामारी से मौत हो गई थी। शहर में फिलहाल, 91 हजार 457 पॉजिटिव मामले हैं और अब तक 5 हजार 241 लोगों की मौत हो चुकी है। 63 हजार 431 मरीज अब तक ठीक होने के बाद हॉस्पिटल्स से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। अभी मुंबई में 22,779 कोरोना मरीजों का इलाज भी चल रहा है। मुंबई में रिकवरी रेट 69 फीसदी बताया जा रहा है।

महाराष्ट्र में टूटा अब तक का रेकॉर्ड
कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र को राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को अभी तक का रेकॉर्ड टूट गया और एक दिन में कोरोना के 8139 नए मामले दर्ज किए गए हैं। 24 घंटे में कुल 223 लोगों की मौत भी हो गई। अब महाराष्ट्र में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 2,46,600 हो गई है। अभी तक पूरे महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 10,116 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोन के 8139 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में 4360 मरीज ठीक भी हुए हैं और 223 की मौत हो गई है। राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या अब 2,46,600 है। अभी तक कुल 1,36,985 मरीज ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र में अब कोरोना के कुल 99,202 ऐक्टिव केस हैं।