ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुकेश अंबानी को फोन पर धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई पुलिस ने देश के जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी को फोन पर धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम विष्णु भौमिक (55 साल) बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने सोमवार को रिलायंस हॉस्पिटल में फोन किया था और उद्योगपति मुकेश अंबानी के परिवार को तीन घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने बताया था कि आरोपी ने गिरगांव इलाके में स्थित रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक लैंडलाइन नंबर पर तीन से चार बार फोन किया था। इस बार रिलायंस फ़ाउंडेशन हॉस्पिटल के डिस्प्ले नंबर पर धमकी भरा फ़ोन कॉल आया था।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, धमकी के मिलने के बाद इसकी शिकायत डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन में की गई है। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच में जुट गई। जिसका नतीजा यह रहा कि एक घंटे से कम समय में ही उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया। इस शख्स को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस की चार टीमों को लगाया गया था। आरोपी दक्षिण मुंबई में एक आभूषण की दुकान चलाता है। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, भौमिक पर इससे पहले भी इसी तरह के फोन करने के आरोप लगे हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से ऐसा लगता है कि फोन करने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाद में इस संबंध में दहिसर इलाके से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, आगे की जाँच की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में अंबानी के मुंबई आवास ‘एंटीलिया’ के समीप एक एसयूवी कार बरामद की गयी थी, जिसमें विस्फोटक रखे हुए थे। बाद में इस मामले में पुलिस अधिकारियों समेत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।