दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

‘मूसेवाला’ जैसा हाल कर देंगे! धमकी के बाद सलमान खान और उनके परिवार की बढ़ाई गई सुरक्षा

मुंबई,(राजेश जायसवाल): मशहूर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनके 87 वर्षीय पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी मिलने के एक दिन बाद सोमवार को मुंबई पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल और अन्य अधिकारियों के साथ मुंबई पुलिस की एक टीम बांद्रा पश्चिम स्थित सलमान खान के घर पर पहुंच कर धमकी भरे पत्र के संबंध में सलमान खान के परिवार से पूछताछ की है। पूछने पर संयुक्त आयुक्त पाटिल ने कहा कि मामले की प्रारंभिक जांच के बाद ही वह इस संबंध में टिप्पणी करेंगे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सलमान के पिता सलीम खान को हाथ से लिखा एक धमकी भरा खत रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बांद्रा बैंडस्टैंड प्रोमेनेद में एक बेंच पर मिला। वह आमतौर पर जॉगिंग के बाद उसी बेंच पर बैठते हैं। यह खत उन्हें तथा सलमान खान को संबोधित करके लिखा गया था। इसमें उन्हें ‘मूसेवाला’ की तरह जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिसके बाद सलीम खान ने अपने सुरक्षाकर्मी की मदद से पुलिस से संपर्क किया और बांद्रा पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया। अब बांद्रा पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी है। बांद्रा पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक बड़े सेलिब्रिटी से जुड़ा मामला होने की वजह से पुलिस और क्राइम ब्रांच दोनों इस मामले की तह में जाने में जुटी है।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान को मिले धमकी भरे खत के सिलसिले में लॉरेंस बिश्नोई से भी पुलिस ने सवाल कई किए हैं।
दरअसल, इस वक्त लॉरेंस बिश्नोई स्पेशल सेल की कस्टडी में है और उससे पूछताछ जारी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आर्म्स एक्ट के मुकदमे में लॉरेंस बिश्नोई को रिमांड पर लिया हुआ है।
गौरतलब है कि हाल ही में मशहूर पंजाबी सिंगर व कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम मीडिया में तेजी से सामने आया। काला हिरण मामले के बाद लॉरेंस बिश्नोई ने पहले भी सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी।