पंजाबब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

मूसेवाला मर्डर में अब सामने आया अरुण गवली गैंग का कनेक्शन

पंजाब: कांग्रेस नेता व पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस को संदेह है कि एक शूटर का मुंबई के अरुण गवली गिरोह से संबंध है। सूत्रों ने कहा कि अरुण गवली गिरोह का सदस्य संतोष जाधव मामले में शामिल हो सकता है।
पंजाब पुलिस आठ शार्पशूटर की तलाश कर रही है और संतोष जाधव उनमें से एक है। तीन शूटर पंजाब से, दो-दो हरियाणा और महाराष्ट्र के हैं जबकि आखिरी शूटर राजस्थान का है।
पंजाब पुलिस ने इस संबंध में महाराष्ट्र पुलिस के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। एक फोटो सामने आई है जिसमें जाधव को अरुण गवली की पत्नी आशा गवली के साथ देखा जा सकता है। जाधव पुणे के खेड़ तहसील का रहने वाला हैं। जांच के दौरान उसका नाम सामने आया है। महाराष्ट्र पुलिस ने अब संतोष जाधव की तलाश शुरू कर दी है।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: आरोपी केकड़ा ने किए बड़े खुलासे
वहीँ सिद्धू मूसेवाला मर्डर मामले में गिरफ्तार आरोपी संदीप केकड़ा ने पुलिस हिरासत में कई बड़े खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह करीब एक महीने से सिद्धू की रेकी कर रहा था। केशव नाम के शार्प शूटर को भी केकड़ा ही मूसा गांव लेकर गया था। वह केशव को घर से कुछ दूरी पर उतार कर अपने दो दोस्तों के साथ प्रशंसक बनकर सिद्धू मूसेवाला के घर गया था।
इस दौरान आरोपियों ने मूसेवाला की कार की फोटो भी ली थी। वह करीब 45 मिनट तक सिद्धू मूसेवाला के घर पर रहे और बाद में कोरोला गाड़ी में सवार हो केशव को साथ लेकर चले गए। उसने ही हमलावरों को जानकारी दी थी कि सिद्धू घर से बिना सिक्योरिटी के निकले हैं।
रेकी करने वाला आरोपी संदीप केकड़ा नशे का आदि था और पिछले एक महीने से सिद्धू की रेकी कर रहा था। वह सिरसा के एक गांव का रहने वाला है। उसने बताया कि गोल्डी बराड़ के कहने पर उसने रेकी की थी और उसी के इशारों पर यह कत्ल हुआ।
गौरतलब है कि 29 मई को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला पर कुछ अज्ञात युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग करके मौत के घाट उतार दिया गया था। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के शरीर पर गोलियों के 19 निशान मिले थे और घायल होने के 15 मिनट के भीतर ही उनकी मौत हो गई थी। हमलावरों ने 28 वर्षीय मूसेवाला की गाड़ी जवाहर के गांव में रोकने के बाद गोलियों की बौछार की थी। इस हमले में कम से कम तीन बंदूकों का इस्तेमाल किया गया और घटनास्थल पर गोलियों के 30 खाली खोखें मिले। पांच डॉक्टरों के पैनल से मूसेवाला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।