उत्तर प्रदेश

मैं आजमगढ़ में ही रहकर जनता की सेवा करूंगा, अब बनारस व गोरखपुर की तरह ही आजमगढ़ का भी विकास होगा: सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’

आजमगढ़: बीजेपी के नवनिर्वाचित सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने कहा कि जिले का विकास वाराणसी और गोरखपुर की तरह सुनियोजित तरीके से होगा। सीएम योगी खुद रिटर्न गिफ्ट देने के लिए अधिकारियों को जनपद में संचालित एक-एक याेजनाओं को रफ्तार देने का आदेश दे चुके हैं।
ठसाठस भीड़ देख ‘निरहु’ कुछ ऐसा निहाल हुए कि बरबस बोल पड़े, भइया मैं सांसद नहीं आपका ‘सेवक’ हूं। इसके बाद तो नेहरू हाल ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
नवनिर्वाचित सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आजमगढ़ में विकास का इतिहास लिखा जाएगा और जिले की दसों सीट से सपा का पत्ता साफ होगा।

सांसद ने गुरुवार को खुद के स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आजमगढ़ की जनता और भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का ‘कमल’ खिलाने के लिए आभार व्यक्त करता हूं। उनकी मेंहनत से कमल खिल पाया है। मैं मुख्यमंत्री से कहा हूं कि आपने बड़ी उम्मीद व विश्वास से हमें जिताया है। मैं आजमगढ़ में ही रहकर जनता की सेवा करूंगा। आपकी अपेक्षाएं पूरी होंगी। बनारस व गोरखपुर की तरह ही आजमगढ़ का विकास होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की नजर आजमगढ़ पर है। आजमगढ़ के रेल मार्ग का रूका हुआ कार्य अब पूरा होगा। वर्ष 2024 के चुनाव में जब हम आएंगे तो आपको यह विश्वास हो चुका होगा की आपने सही निर्णय लिया है। इससे पूर्व भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कमल खिलाने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

इस दौरान सांसद ने पीजीआई आज़मगढ़ का औचक निरीक्षण किया। यहां भर्ती मरीज़ों के स्वास्थ्य का हालचाल और व्यवस्था की जानकारी ली। प्रिन्सिपल और उपस्थित डॉक्टर को व्यवस्था में सुधार से सम्बंधित आवश्यक निर्देश दिया।

इस मौके पर नरेन्द्र सिंह, ध्रुव सिंह, ऋषिकांत राय, अखिलेश मिश्रा, सत्येंद्र राय, अरविंद जायसवाल, मंजू सरोज, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, विनोद उपाध्याय, बृजेश यादव, पवन सिंह मुन्ना, अवनीश मिश्रा, पंकज सिंह कौशिक, बबिता जसरासरिया इत्यादि मौजूद रहीं।