नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण फेरबदल किए गए हैं।आईपीएस नीतू कादयान को प्रमोशन देते हुए डीसीपी गोमती जोन बनाया गया है, जबकि हाल ही में गाजियाबाद से आईं आईपीएस लिपि नगायच को एडिशनल डीसीपी वरुणा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के साथ वाराणसी पुलिस में ”नारी शक्ति” की मजबूत उपस्थिति स्पष्ट नजर आ रही है। आईपीएस नीतू कादयान, जो अब तक एडिशनल डीसीपी वरुणा के पद पर कार्यरत थीं, को पदोन्नति देकर डीसीपी गोमती जोन बनाया गया है। 2020 बैच की अधिकारी नीतू कादयान अपने कार्यकाल में बेहतर प्रशासनिक क्षमता और सक्रिय पुलिसिंग के लिए जानी जाती रही हैं।
कौन हैं नीतू कादयान?
नीतू कादयान 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले के आर्यनगर की रहने वाली हैं। उनका पैतृक गांव माजरा डी है। पिता संपूर्ण कादयान, एक किसान हैं, जबकि मां लक्ष्मी देवी सरकारी अस्पताल में ANM के पद पर काम करती हैं। नीतू के एक भाई भी हैं।
स्कूली शिक्षा आरईडी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मशहूर हंसराज कॉलेज से बीएससी की डिग्री ली और कॉलेज में टॉपर रहीं। फिर राजनीति शास्त्र में एमए किया। बचपन से ही नीतू का सपना था कि वो UPSC क्रैक करके IPS बनेंगी. 2018 में पहली बार UPSC दी और 254वीं रैंक हासिल की, लेकिन उन्हें ये रैंक पसंद नहीं आई। उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी और बाद में यूपी कैडर में IPS बन गईं। 2023 में उनकी पहली पोस्टिंग वाराणसी में एसीपी चेतगंज के रूप में हुई। सिर्फ एक साल बाद 2024 में उन्हें प्रमोशन मिला और वो एडीसीपी वरुणा जोन बन गईं।
वहीं, हाल ही में गाजियाबाद से स्थानांतरित होकर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में शामिल हुईं आईपीएस लिपि नगायच को एडीसीपी वरुणा नियुक्त किया गया है। 2022 बैच की युवा अधिकारी लिपि नगायच अब शहर के महत्वपूर्ण क्षेत्र की कानून-व्यवस्था संभालेंगी। इन दोनों नियुक्तियों के साथ वाराणसी पुलिस में महिला अधिकारियों की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता और मजबूत हुई है। पुलिस प्रशासन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका न सिर्फ संतुलित निर्णय लेने में मददगार साबित हो रही है, बल्कि समाज में भी सकारात्मक संदेश दे रही है।
लिपि नगायच को सम्मान के साथ दी विदाई!
गाजियाबाद के मसूरी सर्किल में तैनात एसीपी लिपि नगायच के प्रमोशन के बाद वाराणसी ट्रांसफर होने पर मसूरी पुलिस टीम ने उन्हें भावभीनी विदाई दी, इस दौरान पुलिसकर्मियों के बीच भावुक माहौल देखने को मिला।
थाना प्रभारी अजय चौधरी और उनकी टीम ने एसीपी नगायच को सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस अवसर पर उनकी गाड़ी को विशेष रूप से सजाया गया, जो पुलिसकर्मियों के सम्मान और उनके प्रति अपनत्व को दर्शाता है।
बता दें कि एसीपी लिपि नगायच का कार्यकाल मसूरी, मुरादनगर और वेव सिटी क्षेत्रों में काफी सराहनीय रहा। उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ पुलिस टीम को एकजुट रखकर प्रभावी ढंग से कार्य किया। उनके नेतृत्व में पुलिस ने कई चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया और जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता दिखाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में बिताया गया समय उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने पुलिस टीम के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यहां के अनुभव उनके भविष्य के कार्यकाल में मार्गदर्शक साबित होंगे।
विदाई समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने भी उनके कार्यशैली की सराहना की और कहा कि उनका सादगीपूर्ण व्यवहार, स्पष्ट निर्देश और टीम के प्रति विश्वास हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने सभी को ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
वाराणसी कमिश्नरेट में तीनों जोन की नई टीम:
इस फेरबदल के बाद वाराणसी के तीनों प्रमुख जोन (काशी, वरुणा और गोमती) की कमान अब इन अधिकारियों के हाथों में है।
काशी जोन में डीसीपी (DCP) गौरव बंसवाल (IPS) और एडीसीपी (ADCP) आईपीएस वैभव बांगर हैं।
वरुणा जोन में डीसीपी (DCP) प्रमोद कुमार (IPS) और आईपीएस लिपि नगायच हैं।
गोमती जोन में डीसीपी नीतू कादयान (IPS) और एडीसीपी नृपेंद्र हैं।
