ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरहरियाणा

मौत से पहले टिक टॉक स्टार सोनाली ने मां को किया था फोन, बोलीं- खाने में गड़बड़ है; कोई रच रहा साजिश..

गोवा: टिकटॉक स्टार और बीजेपी नेता सोनाली फोगाट का गोवा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। हालांकि, उनकी मौत को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं?सोनाली फोगाट की बहन ने उनकी मौत को लेकर बड़ा बयान दिया है। सोनाली की बहन ने उनकी मौत को साजिश करार दिया है। वहीं गोवा पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 42 वर्षीय सोनाली फोगाट की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है। वहीं सोनाली फोगाट के भाई ने उनकी बहन की मौत मामले की जांच की मांग की है।
सोनाली फोगाट की बहन ने बताया कि सोनाली ने सोमवार सुबह को मां से बात की थी। इस दौरान सोनाली ने अपनी मां से कहा था कि मुझे कुछ गड़बड़ लग रही है। ऐसा लग रह है कि मेरे ऊपर कोई साजिश हो रही है। सोनाली की बहन ने बताया कि एक दिन पहले ही उनकी बात हुई थी। तब सोनाली ने कहा था कि वे ठीक हैं। शूटिंग के लिए जा रही हैं।
सोनाली ने कहा था कि वे 27 अगस्त को लौट कर आ जाएंगी। उन्होंने कहा, फिर सोमवार सुबह बात हुई तो उन्होंने मां से बात की। इस दौरान सोनाली ने अपनी मां को बताया कि खाना खाने के बाद उनके शरीर में कुछ हरकत सी हो रही है और ऐसा लग रहा है कि खाने में कुछ गड़बड़ की गई है, शायद कोई साजिश रच रहा है।
बताया जा रहा है कि सोनाली फोगाट को बेचैनी की शिकायत के बाद उत्तरी गोवा जिले के अंजुना के सेंट एंथोनी अस्पताल में लाया गया था।
गोवा के डीजीपी जसपाल सिंह ने बताया कि सोनाली फोगाट अंजुना में ‘Curlies’ रेस्टोरेंट में थीं, इसी दौरान उन्हें बेचैनी की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया। फिलहाल, पुलिस को शुरुआत जांच में कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई है। पुलिस को सोनाली फोगाट के शरीर पर किसी तरह का कोई चोट का निशान नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पर विस्तार से कुछ कह सकती है।

सोनाली के भाई ने CM से की जांच की मांग
आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व नेता और सोनाली के भाई नवीन जयहिंद ने ट्वीट कर सोनाली की मौत की जांच की मांग मुख्यमंत्री से की है। उन्होंने शोकग्रस्त परिवार के प्रति संवदेना जताते हुए जांच हाईकोर्ट के सीटिंग जज से करवाने और पोस्टमार्टम AIIMS में कराने की मांग की।

2019 में बीजेपी के टिकट पर आदमपुर से लड़ा था चुनाव
बता दें कि सोनाली फोगाट ने 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर आदमपुर से चुनाव लड़ा था। चुनाव के दौरान वो टिकटॉक पर अपने वीडियोज के लिए भी काफी चर्चित रही थीं। हालांकि, वो चुनाव जीत नहीं पाईं। इसके बाद सोनाली फोगाट बिग-बॉस से भी काफी चर्चा में आई थीं। बिग-बॉस में ही सोनाली फोगाट ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई खुलासे भी किए थे। उन्होंने बताया था कि किस तरह उनके पति के निधन के बाद उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा था। बिग बॉस के ही एक सदस्य से बात करते हुए उन्होंने बताया था कि उनके पति की मौत के बाद उनकी जिंदगी में एक ऐसा शख्स आया था, जिनके साथ उन्होंने अपनी सारी जिंदगी बिताने का फैसला किया था। 2016 में उनके पति की भी रहस्यम तरीके से मौत हो गई थी। हालांकि, इसके बाद भी सोनाली फोगाट ने हार नहीं मानी थी और जिंदगी को जिंदादिली से जिया था।
यह 2 साल पुरानी बात है, जब पति की मौत के बाद वे पूरी तरह टूट चुकी थीं और उन्हें किसी के सहारे की जरूरत थी। 42 वर्ष की उम्र में सोनाली फोगाट ने अंतिम सांस ली। उनका जन्म और पालन-पोषण भारत के हरियाणा के भूथन गांव के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। सोनाली फोगाट अपने निधन के बाद करोड़ों की संपत्ति छोड़ गई हैं।

सोनाली फोगाट का जन्म 21 सितंबर 1979 में हरियाण के एक गांव में हुआ था। जाट परिवार से ताल्लुक रखने वाली सोनाली फोगाट ने 10वीं तक ही पढ़ाई की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह दूरदर्शन, हरियाणा में हिंदी एंकर थीं और यहीं से उनकी टेलीविजन में जर्नी शुरू हुई थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली। इसी बीच उन्होंने मॉडलिंग के क्षेत्र में भी अपनी किस्मत आजमाई और वह सफल रहीं। उसके बाद, उन्होंने धारावाहिक ‘एक मां जो लाखो के लिए बनी अम्मा’ (2016) में अमन यतन वर्मा और उर्वशी शर्मा अभिनीत फातिमा के रूप में अभिनय की शुरुआत की। यह सीरियल भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित था।
2019 में, वह अमीत चौधरी की ओर से निर्देशित वेब श्रृंखला, ‘द स्टोरी ऑफ़ बदमाशगढ़’ में दिखाई दीं। उन्होंने हरियाणवी संगीत वीडियो ‘बंदूक अली जाटनी’ में मासूम शर्मा और सुरेंद्र ढाका के साथ अभिनय किया। इसके बाद 2020 में बिग बॉस 14 में भी प्रतिभागी बनीं।

2008 में राजनीति में एंट्री
सोनाली 2008 में राजनीति में एंट्री कर ली थी। भारतीय जनता पार्टी की सदस्य बनीं और भाजपा के महिला मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद संभाला। वहीं 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव में आदमपुर से बीजेपी के टिकट पर चुनाव भी लड़ा, लेकिन 29 हजार मतों से हार गईं।

ये थे सोनाली फोगाट के शौक
सोनाली फोगाट को पालतू बिल्लियों के साथ खेलना पसंद था। वे अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी तस्वीरें साझा करती रहती थीं। इसके अलावा वह अपने खाली समय में गाना और डांस करना पसंद करती हैं।

स्टाफ के साथ गईं थीं गोवा
मौत से कुछ समय पहले सोनाली फोगट ने अपना एक वीडियो पोस्ट किया था। साथ ही उन्होंने ट्विटर अकाउंट पर अपनी प्रोफाइल पिक्चर भी बदल दी थी। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ स्टाफ मेंबर के साथ गोवा गई थीं। स्थानीय प्रशासन उनकी मौत की वजह की पुष्टि करने में जुटा है।

सोनाली फोगाट की कुल संपत्ति?
टिक टॉक स्टार और बीजेपी नेता सोनाली फोगाट अपने पीछे करीब 2.73 करोड़ रुपए की संपत्ति छोड़ गई हैं। 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति का जो ब्यौरा दिया था, ये आंकड़ा उसके आधार पर है। जो समय के साथ-साथ बदल भी सकता है।
सोनाली के परिवार में उनकी एक बेटी ही है। सोनाली की बेटी का नाम यशोधरा फोगाट है। माना जा रहा है कि सोनाली फोगाट की संपत्ति की वारिस वही होंगी।

सोशल मीडिया के जरिए हर कोई दे रहा श्रद्धांजलि
सोनाली फोगाट के निधन के बाद मनोरंजन जगत के कलाकारों के साथ राजनीति से जुड़े लोग भी हैरान हैं। सोशल मीडिया के जरिए हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। लाखों लोग सोनाली को सोशल मीडिया और बिग बॉस की वजह से जानते हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं और उनकी तस्वीरें और फोटोज खूब पसंद की जाती थीं। वह मॉडल भी रही हैं और वह खूबसूरती में बॉलीवुड अभिनेत्रियों से कम नहीं थीं।