दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़

यशवंत सिन्हा ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, शरद पवार, राहुल गांधी समेत कई नेता साथ दिखे

नयी दिल्ली: राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन दाखिल करने पहुंचे सिन्हा के साथ कई बड़े विपक्षी नेता भी साथ में मौजूद रहे।
बता दें कि सिन्हा को आज ही टीआरएस पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन देने का फैसला किया है। इसके साथ ही सिन्हा को अब कुल 17 दलों का साथ हासिल हो गया है। सिन्हा द्वारा नामांकन दाखिल करते समय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, सांसद राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के नेता और तेलंगाना के मंत्री के टी रामाराव मौजूद रहे। इनके साथ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी दिखे।

द्रौपदी मुर्मू से है टक्कर
यशवंत सिन्हा का मुकाबला एनडीए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू से है। मुर्मू को कई विपक्षी पार्टियों का भी साथ मिला है। इस सूची में मायावती की बीएसपी और नवीन पटनायक की बीजद शामिल है। वहीँ सिन्हा का नाम सबके सामने रखने वालीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी साथ नहीं रहीं। ममता राज्य में व्यस्त कार्यक्रमों के चलते वहां नहीं आ पाईं।आंकड़ों को देखें तो मुर्मू का पलड़ा अभी से ही भारी दिखाई दे रहा है।