uttar pradesh news
वाराणसी: वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में अजब प्यार का गजब कारनामा सामने आया है। क्षेत्र स्थित एक गांव में निवासी एक विवाहिता अपने पति को छोड़कर ससुराल से 25 दिन पूर्व अपने प्रेमी संग भाग गयी और कचहरी में नोटरी के जरिये शादी कर ली। विवाहिता गर्भवती भी हैं। मामला मिर्जामुराद थाने तक भी पहुंचा, घंटों पंचायत और मान-मनौव्वल का दौर चला। लेकिन विवाहिता अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही। इसके साथ ही विवाहिता ने अपने पति को मंगलसूत्र ससुराल से मिले सभी जेवर भी लौटा दिया। परिवार के लोग विवाहिता को घर की इज्जत की दुहाई देते रहे लेकिन वो अपने फैसले पर अडिग रही। घटना बुधवार रात की है। इधर, इस घटना की पूरे क्षेत्र में चर्चा है।
प्रेमी संग कोर्ट में की शादी
मिली जानकारी के मुताबिक, मिर्जामुराद क्षेत्र के गांव की एक युवती की शादी डेढ़ वर्ष पहले अदमापुर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। युवती अपने ही पड़ोस में रहने वाले वाहन चालक से प्रेम करती थी। बताया जाता है कि ससुराल से लगभग 25 दिन पहले विवाहिता अपने प्रेमी संग चली आई और कचहरी जाकर हलफनामा देकर शादी कर ली। विवाहिता गर्भवती भी बताई गई है।
विवाहिता के परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस खोजबीन शुरू की। इस पर विवाहिता अपने प्रेमी के साथ मिर्जामुराद थाने पहुंची। विवाहिता का पति, पिता और परिवार के अन्य लोग भी मिर्जामुराद थाने पहुंचे। सभी लोग इज्जत की दुहाई देकर समझाते रहे, लेकिन विवाहिता नहीं मानी और प्रेमी के साथ चली गई।
