राजस्थान में सड़क हादसे में सात लोगों की मौत!
जयपुर: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में शनिवार शाम सड़क हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गयी तथा कई अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा उदयपुर निम्बाहेड़ा मार्ग पर सादुलखेड़ा के पास उस समय हुआ जब एक जीप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गयी। पुलिस अधिकारियों ने सात लोगों की मौत की पुष्टि की है।
निकुंभ के थानाधिकारी विनोद मेनारिया ने बताया कि चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि अस्पताल ले जाने के क्रम में गंभीर रूप से घायल तीन और लोगों की मौत हो गयी। दर्जन भर घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मृतकों व घायलों का ब्यौरा अभी नहीं मिला है। राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

